पराली से बंजर जमीन को हिमाचल के किसानों ने बनाया ‘सोना’, बिना सिंचाई और जुताई के उगा रहे आलू; मिलेगा डबल मुनाफा – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: 23 नवंबर 2026, भोपाल: पराली से बंजर जमीन को हिमाचल के किसानों ने बनाया ‘सोना’, बिना सिंचाई और जुताई के उगा रहे आलू; मिलेगा डबल मुनाफा – हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में किसान धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली का इस्तेमाल कर आलू की खेती कर रहे हैं। इसके लिए वे शून्य जुताई तकनीक अपना रहे हैं, जिसमें खेत की जुताई और सिंचाई किए बिना ही आलू की बुवाई की जाती है। इस पद्धति में धान की कटाई के बाद खेत में मौजूद नमी का उपयोग किया जाता है और पराली को मिट्टी के ऊपर बिछाकर मल्च के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इससे कम लागत में दूसरी फसल लेने का विकल्प मिल रहा है।

कृषि अनुसंधान उपकेंद्र अखरोट की ओर से इस तकनीक को किसानों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नंदपुर में किसान रंजना देवी के खेत में शून्य जुताई विधि से आलू की बुवाई सफलतापूर्वक की गई है।

इस तकनीक की खासियत यह है कि धान की कटाई के बाद खेत की दोबारा जुताई करने की जरूरत नहीं पड़ती। खेत में पहले से मौजूद नमी का उपयोग करके आलू की बुवाई की जाती है। इसके बाद धान की बची हुई पराली को खेत में बिछाकर फसल को ढक दिया जाता है। पराली की यह परत मल्च का काम करती है और मिट्टी की नमी को बनाए रखने में मदद करती है। इससे धान के अवशेषों का भी उपयोग हो जाता है।

किसान रंजना देवी ने बताया कि उन्होंने कृषि अनुसंधान उपकेंद्र अखरोट से शून्य जुताई विधि से आलू उत्पादन का प्रशिक्षण लिया था। इसके साथ ही उन्होंने अनुसंधान केंद्र के रिसर्च फार्म का दौरा कर इस तकनीक को समझा। इसके बाद इस वर्ष उन्होंने अपने खेत में इस पद्धति से आलू की बुवाई की है। रंजना देवी अब दूसरे किसानों के खेतों में भी इस विधि से आलू की बुवाई करवा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस तकनीक को अपनाकर इसका लाभ ले सकें।

शून्य जुताई विधि का सबसे बड़ा फायदा यह है कि धान की कटाई के बाद खेत को अगली फसल की बुवाई तक खाली रखने की जरूरत नहीं पड़ती। किसान खेत में मौजूद नमी का इस्तेमाल कर आलू की फसल ले सकते हैं। इससे जुताई और सिंचाई पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलती है। इसके अलावा पराली को खेत में ही मल्च के रूप में इस्तेमाल करने से उसे जलाने या निपटाने की समस्या से भी राहत मिल सकती है। यह तकनीक मिट्टी की संरचना और स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी सहायक है।

Share This Article