हरदा: 105 एकड़ में मिर्च की खेती से किसान को सालाना 2.5 करोड़ तक का फायदा, विदेशों तक पहुंच रही उपज – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 23 नवंबर 2026, हरदा: हरदा: 105 एकड़ में मिर्च की खेती से किसान को सालाना 2.5 करोड़ तक का फायदा, विदेशों तक पहुंच रही उपज – मध्यप्रदेश के हरदा जिले में किसान परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी फसलें अपनाकर भी अच्छी आमदनी हासिल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के भ्रमण पर निकले कलेक्टर कुमार सत्यम ने ग्राम कमताड़ा में बंदीमुहाड़िया निवासी किसान  राकेश बांके के खेत में मिर्च की फसल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मिर्च की खेती में उर्वरक डालने की स्वचालित तकनीकी पद्धति भी देखी।

किसान राकेश बांके ने कलेक्टर को बताया कि वे कमताड़ा, बंदीमुहाड़िया और मसनगांव में कुल 105 एकड़ जमीन पर आधुनिक पद्धति से मिर्च की खेती कर रहे हैं। उनके खेत में उत्पादित मिर्च व्यापारियों के माध्यम से विदेशों तक पहुंच रही है। मिर्च की खेती से उन्हें सालाना 2 से ढाई करोड़ रुपये तक का फायदा हो रहा है। उद्यानिकी विभाग की ओर से उन्हें अनुदान सहायता भी प्रदान की गई है।

कलेक्टर ने ग्राम आमासेल निवासी किसान  रामनाथ गुर्जर के खेत का भी अवलोकन किया। गुर्जर ने अपने एक एकड़ खेत में शेडनेट हाउस बनाया है, जहां वे सब्जियों की फसलों की पौध तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि एक सीजन में करीब 10 लाख पौधों का विक्रय होता है। दो सीजन में उन्हें सालाना 5 लाख रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। शेडनेट हाउस तैयार करने में लगभग 28 लाख रुपये की लागत आई है। उद्यानिकी मिशन के अंतर्गत उन्हें 14 लाख 20 हजार रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध कराई गई है।

दोनों किसानों से चर्चा के बाद कलेक्टर कुमार सत्यम ने अन्य किसानों को भी उद्यानिकी के लाभदायी क्षेत्र में आगे आने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि जिले में उद्यानिकी फसलों के लिए अनुकूल वातावरण है। पात्र किसानों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से आवश्यक मदद भी दी जाएगी। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक किसानों को उद्यानिकी के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ नरोत्तम भार्गव भी मौजूद थे।

Share This Article