एग्रीवेट: Uttar Pradesh Agriculture: उत्तर प्रदेश बागवानी और सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है. राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) के वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार, प्रदेश कुल बागवानी उत्पादन, बागवानी क्षेत्रफल और उत्पादकता के मामले में देश में पहले स्थान पर है. खास बात यह है कि सब्जियों के साथ-साथ आलू, मटर, आम, अमरूद और शिमला मिर्च के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी काफी अधिक है. इससे देश के कुल कृषि और बागवानी उत्पादन में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है.
राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के तीसरे अग्रिम अनुमान 2025-26 के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुल बागवानी उत्पादन 687.30 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया है. वहीं, देश का कुल बागवानी उत्पादन 3869.15 लाख मीट्रिक टन रहा. इस तरह राष्ट्रीय उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत है. वहीं, बागवानी फसलों के कुल क्षेत्रफल के मामले में भी प्रदेश सबसे आगे है. उत्तर प्रदेश में 26.50 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में बागवानी फसलों की खेती की जा रही है, जबकि देश का कुल बागवानी क्षेत्रफल 297.21 लाख हेक्टेयर है. ये आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में किसान पारंपरिक फसलों के साथ फल, फूल और सब्जियों की खेती को भी अपना रहे हैं.
बिहार को मिली 34,470 करोड़ की सौगात, प्रधानमंत्री मोदी ने किया नीतीश सेतु का उद्घाटन—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट
बागवानी उत्पादन में उत्तर प्रदेश की मजबूत स्थिति की एक बड़ी वजह बेहतर उत्पादकता है. राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में बागवानी फसलों की औसत उत्पादकता 25.94 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है. वहीं, राष्ट्रीय औसत उत्पादकता 13.02 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई है. इस तरह यूपी की उत्पादकता राष्ट्रीय औसत से करीब 1.99 गुना अधिक है. कम क्षेत्रफल में अधिक उत्पादन की यह क्षमता प्रदेश के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है. इससे खेती में फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों के पास कमाई के नए अवसर भी बन रहे हैं.
सब्जी उत्पादन के मामले में भी उत्तर प्रदेश ने देश में पहला स्थान हासिल किया है. एनएचबी के अनुसार, प्रदेश में कुल 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है. वहीं, देश का कुल सब्जी उत्पादन 2272.68 लाख मीट्रिक टन रहा. इस तरह देश के कुल सब्जी उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत है. आलू उत्पादन में भी प्रदेश की स्थिति बेहद मजबूत है. उत्तर प्रदेश में 270 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ है, जबकि देश का कुल उत्पादन 655.70 लाख मीट्रिक टन है. इस तरह राष्ट्रीय आलू उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 41.18 प्रतिशत है. इसके अलावा मटर उत्पादन में भी प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. यहां 38.06 लाख मीट्रिक टन मटर का उत्पादन हुआ, जो देश के कुल उत्पादन 71.78 लाख मीट्रिक टन का 53.03 प्रतिशत है.
फल और अन्य सब्जियों के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी उल्लेखनीय है. राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 62.15 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन हुआ है. देश के कुल आम उत्पादन 239.69 लाख मीट्रिक टन में यूपी की हिस्सेदारी 25.93 प्रतिशत है. इसी तरह अमरूद उत्पादन में प्रदेश का योगदान 21.08 प्रतिशत है. उत्तर प्रदेश में 11.65 लाख मीट्रिक टन अमरूद का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 55.28 लाख मीट्रिक टन रहा. शिमला मिर्च के उत्पादन में भी प्रदेश की हिस्सेदारी 22.06 प्रतिशत दर्ज की गई है. यहां 1.76 लाख मीट्रिक टन शिमला मिर्च का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 7.97 लाख मीट्रिक टन रहा. ये आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश फल और सब्जियों की खेती में भी देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में अपनी मजबूत जगह बनाए हुए है.