महाराष्ट्र में सूखे की मार, रबी की बुवाई 10.02 लाख हेक्टेयर पर सिमटी.. किसान परेशान – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: महाराष्ट्र में इस साल रबी फसलों की बुवाई पर सूखे और मिट्टी में नमी की कमी का असर पड़ा है. राज्य में अब तक रबी फसलों की बुवाई पिछले कई दशकों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है. 16 नवंबर तक सिर्फ 10.02 लाख हेक्टेयर में ही बुवाई हो पाई थी. यह राज्य के सामान्य औसत रकबे 57.80 लाख हेक्टेयर का महज 17 फीसदी है. महाराष्ट्र कृषि विभाग की 2026-27 सीजन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल रबी की बुवाई का रकबा 1972 के बड़े सूखे वाले साल से भी कम दर्ज किया गया है. उस साल 47.29 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हुई थी. यानी इस बार बुवाई की स्थिति उससे भी खराब है.

महाराष्ट्र में रबी फसलों की बुवाई की स्थिति पिछले साल के मुकाबले और खराब हो गई है. इस सीजन में अब तक पिछले साल की तुलना में करीब 6.49 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में बुवाई हुई है. 17 नवंबर 2025 तक राज्य में 16.51 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हो चुकी थी, जबकि इस साल 16 नवंबर तक यह आंकड़ा सिर्फ 10.02 लाख हेक्टेयर रहा. लंबे समय तक बारिश नहीं होने और मानसून के बाद पर्याप्त पानी न मिलने से खेती का काम प्रभावित हुआ है.

महाराष्ट्र में लातूर संभाग में सबसे ज्यादा 2.36 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई हुई है. हालांकि, यह भी संभाग के सामान्य बुवाई क्षेत्र का सिर्फ 16 फीसदी है. इसके बाद पुणे में 1.86 लाख हेक्टेयर, अमरावती में 1.48 लाख हेक्टेयर, कोल्हापुर में 1.24 लाख हेक्टेयर, छत्रपति संभाजीनगर में 1.08 लाख हेक्टेयर और नागपुर में 1.06 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई है. वहीं, नासिक संभाग में 91,498 हेक्टेयर और कोंकण संभाग में सिर्फ 1,579 हेक्टेयर में रबी फसलों की बुवाई दर्ज की गई है.

फसलवार आंकड़ों के मुताबिक, किसान कम पानी में तैयार होने वाली अनाज और दलहन फसलों को प्राथमिकता दे रहे हैं. राज्य में अब तक 5.29 लाख हेक्टेयर में अनाज और 4.61 लाख हेक्टेयर में दलहन की बुवाई हुई है. इस तरह कुल खाद्यान्न फसलों का रकबा 9.92 लाख हेक्टेयर पहुंच गया है. दूसरी ओर, तिलहन की बुवाई सिर्फ 11,645 हेक्टेयर में हुई है, जो इसके सामान्य मौसमी रकबे का करीब 17 फीसदी है.

महाराष्ट्र में रबी सीजन की फसलों में किसानों की पहली पसंद ज्वार और चना बनकर उभरे हैं. कृषि विभाग के 12 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में करीब 3.16 लाख हेक्टेयर में रबी ज्वार और 3.79 लाख हेक्टेयर में चने की बुवाई हुई थी. वहीं, मक्का का रकबा 82,569 हेक्टेयर और गेहूं का सिर्फ 53,626 हेक्टेयर रहा. गेहूं की बुवाई अब तक इसके सामान्य रकबे का महज 5 फीसदी हुई है. गेहूं की बुवाई धीमी रहने की एक बड़ी वजह सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की जरूरत है. फसल के अहम चरणों में गेहूं को पानी देना जरूरी होता है. ऐसे में कृषि विश्वविद्यालयों ने किसानों को पानी की उपलब्धता के हिसाब से कम समय में तैयार होने वाली और कम पानी मांगने वाली फसलें लगाने की सलाह दी है. इनमें चना, रबी ज्वार और कुसुम जैसी फसलें शामिल हैं.

कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मानसून में कम बारिश, मानसून की वापसी के दौरान पर्याप्त पानी नहीं बरसने और मिट्टी में नमी घटने से रबी की बुवाई की रफ्तार धीमी हुई है. मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त जिलों में कई किसानों ने बुवाई टाल दी है. वहीं, कुछ किसान केवल उन्हीं खेतों में फसल लगा रहे हैं, जहां सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध है.

Share This Article