एग्रीवेट: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में पानी की भारी कमी के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने से फसलें सूख रही हैं. ऐसे में किसान अपने बागों को बचाने के लिए कर्ज लेने और सोना गिरवी रखने को मजबूर हैं. जिले के किसान गीता राम जेडे ने 10 लाख रुपये का गोल्ड लोन लेकर पुराने पानी के टैंकर खरीदे हैं, ताकि सूखते बागों तक पानी पहुंचाया जा सके. उन्होंने यह कर्ज खेती बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि सालों की मेहनत से तैयार किए गए पेड़ों को बचाने के लिए लिया है.
वैजू बाभुलगांव की प्राथमिक कृषि ऋण समिति के अध्यक्ष गीता राम जेडे ने द टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि एक टैंकर किराए पर लेने का खर्च रोजाना करीब 5,000 रुपये आता है. वहीं, अपना टैंकर होने से यह खर्च आधा रह जाता है. उन्होंने कहा कि पानी की जरूरत रोज पड़ती है और यह लंबे समय तक चलने वाली समस्या है. इसलिए टैंकर खरीदना किराए पर लेने से बेहतर विकल्प था. जेडे के मुताबिक, बैंक पुराने टैंकरों के लिए कर्ज देने से मना कर देते हैं, क्योंकि वे तय उम्र सीमा पार कर चुके होते हैं. ऐसे में उनके पास सोना गिरवी रखकर कर्ज लेने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा.
नासिक में प्याज की पैदावार पर सूखे का असर, 49 फीसीद तक घट सकता है उत्पादन, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट
अहिल्यानगर के अलावा नंदुरबार जिले के सूखाग्रस्त इलाकों में पानी की कमी के कारण किसानों की आर्थिक परेशानी बढ़ती जा रही है. खासकर पाथर्डी और शाहदा तालुका में भूजल स्तर तेजी से गिरने और बोरवेल सूखने से किसान मुश्किल में हैं. अपने फलदार बागों को सूखने से बचाने के लिए किसान परिवार के गहने गिरवी रख रहे हैं और निजी साहूकारों से कर्ज ले रहे हैं. इसके बावजूद उन्हें पानी के टैंकरों के लिए भारी रकम चुकानी पड़ रही है.
पाथर्डी तालुका में अनार और संतरे की खेती करने वाले किसान एक टैंकर पानी के लिए 2,000 से 5,000 रुपये तक खर्च कर रहे हैं. किसानों के लिए फलदार पेड़ों को बचाना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि इनसे आमदनी मिलने में लंबा समय लगता है. नर्सरी से लाए गए पौधों को फल देने लायक बनाने में करीब दो साल लगते हैं, जबकि बीज से उगाए गए पेड़ों को तैयार होने में सात साल तक लग सकते हैं. इस दौरान किसानों को देखभाल और खेती पर काफी पैसा खर्च करना पड़ता है.
गीता राम जेडे ने कहा कि अगर फल देने लायक पेड़ सूख गए तो किसानों की सालों की मेहनत और निवेश बर्बाद हो जाएगा. इसके बाद उन्हें दोबारा खेती शुरू से करनी पड़ेगी और फसल तैयार होने में कई साल लग जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस साल किसानों की पहली प्राथमिकता किसी भी तरह पेड़ों को जिंदा बचाना है. गांव की सरपंच ज्योति घोरपड़े ने कहा कि यहां किसानों के पास 3 से 15 एकड़ तक जमीन है, लेकिन पानी के स्रोत सूख चुके हैं. करीब 300 पौधों वाले एक एकड़ बाग को बचाने के लिए रोज कम से कम दो टैंकर पानी की जरूरत पड़ रही है. उन्होंने कहा कि इस साल किसानों का एकमात्र लक्ष्य पेड़ों को बचाना है. भले ही इसके लिए उनकी पूरी जमा पूंजी खर्च हो जाए, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि अगले साल अच्छी फसल मिलेगी.
पानी की कमी और बढ़ते खर्च ने कई परिवारों को आर्थिक संकट में डाल दिया है. ऐसे में कुछ किसान रिश्तेदारों से भी मदद ले रहे हैं. 45 साल की संगीता (बदला हुआ नाम) ने अपने भाई के बाग को बचाने के लिए परिवार के गहने गिरवी रख दिए. उन्होंने बताया कि भाई को पैसों की बहुत जरूरत थी. इसके बाद उन्होंने अपने ससुराल वालों से बात की और 7 लाख रुपये के सोने के गहने उसे दे दिए. संगीता के मुताबिक, यह उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल समय है. उनके भाई ने पहली फसल आने के बाद पैसे लौटाने का वादा किया है.