एग्रीवेट: हरियाणा में धान खरीद की सीमा को लेकर किसानों में नाराजगी है. भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) ने चेतावनी दी है कि अगर धान खरीद से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो 17 अक्टूबर को अंबाला-हिसार रोड जाम किया जाएगा. धान खरीद पर लगी पाबंदियों के विरोध में किसानों ने अंबाला में मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर धरना दिया. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. किसानों का कहना है कि एक एकड़ में अधिकतम 26.26 क्विंटल धान की खरीद की सीमा तय होने से उन्हें अपनी पूरी फसल बेचने में परेशानी हो रही है. उन्होंने मांग की कि खेतों में पैदा हुए पूरे धान की खरीद की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरी जगहों पर न भटकना पड़े.
भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी ने अंबाला सिटी अनाज मंडी में किसानों को संबोधित करते हुए धान खरीद की सीमा हटाने की मांग की. उन्होंने कहा कि अंबाला में सरकार ने एक एकड़ से 26.26 क्विंटल धान खरीदने की सीमा तय की है, जबकि किसान 30 क्विंटल से ज्यादा पैदावार होने की बात कह रहे हैं. अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि किसान कई बार सरकार से खरीद की सीमा हटाने और पूरी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने की मांग कर चुके हैं. इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
किसान नेता अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि हाल ही में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने अंबाला की अनाज मंडियों का दौरा किया था. उस दौरान उन्होंने कहा था कि किसानों की पूरी उपज खरीदी जाएगी. जिन किसानों की पैदावार तय सीमा से ज्यादा है, वे मार्केट कमेटी के सचिवों को आवेदन दे सकते हैं. जांच के बाद अतिरिक्त धान की खरीद की जाएगी. अमरजीत सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मार्केट कमेटी के सचिवों का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिले हैं. किसानों के लिए नए गेट पास भी जारी नहीं किए जा रहे हैं. ऐसे में किसानों के पास विरोध प्रदर्शन करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है.