यूपी में बढ़ने लगीं पराली जलाने की घटनाएं.. 919 मामले दर्ज, 100 किसानों पर 2.5 लाख का जुर्माना – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश में तेजी से पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI) की CREAMS लैब के अनुसार उत्तर प्रदेश में बीते 2 महीने के दौरान पराली जलाने की 919 घटनाएं सैटेलाइट से दर्ज की गईं. इनमें से 3 जिलों के 100 किसानों को दोषी पाया गया है और बाकी की जांच चल रही है. इन किसानों पर 2.5 लाख से ज्यादा का जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही लापरवाही के मामले में 22 से ज्यादा अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है और एक दर्जन से ज्यादा कंबाइन हार्वेस्टिंग मशीनों को सीज किया जा चुका है.

भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI) की CREAMS लैब के 13 नवंबर 2026 के बुलेटिन के अनुसार उत्तर प्रदेश में 15 सितंबर से 13 नवंबर तक पराली जलाने की 919 घटनाएं सैटेलाइट से दर्ज की गईं. पिछले साल इसी अवधि में 2,783 घटनाएं दर्ज हुई थीं. यानी इस साल घटनाओं में करीब 67 फीसदी की कमी आई है. सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पराली जलाने के मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए और किसानों को जागरूक किया जाए. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

महाराजगंज जिले की निचलौल तहसील प्रशासन ने खेतों में कथित तौर पर पराली जलाने के लिए 46 किसानों पर कुल 1.15 लाख रुपये जुर्माना लगाया है. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बार बार जागरूकता अभियान चलाए जाने और प्रशासन की चेतावनी के बावजूद करीब 35-40 गांवों में पराली जलाने की घटनाएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई.

जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम अविनाश त्रिपाठी के निर्देशन में राजस्व एवं प्रशासन की टीम ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है. पराली जलाने के दोषी किसानों पर दो एकड़ तक की जोत पर 2,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है बार-बार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद पराली जलाने की घटनाएं सामने आने पर प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त रुख अपनाया जाएगा.

उत्तर प्रदेश के 3 जिलों फतेहपुर, महाराजगंज और शाहजहांपुर में 100 किसानों पर कार्रवाई की गई है. फतेहपुर में 22 किसानों पर कुल 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और 22 अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हुई है. इसके अलावा तीन कंबाइन हार्वेस्टर को भी सीज किया गया है. वहीं, महराजगंज में पराली जलाने की 90 घटनाएं दर्ज हुईं. इनमें चिह्नित 26 किसानों पर कुल 1.15 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है. इसके साथ ही शाहजहांपुर में 12 नवंबर तक 31 घटनाएं सामने आईं. इनमें 11 किसानों पर 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.

Share This Article