धान खरीद के पहले दिन मंडियों में किसानों की कतारें लगीं, 3100 रुपये भाव पर भुगतान शुरू हुआ – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ मार्केटिंग सीजन 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आज 15 नवंबर शुरू कर दी है. रायपुर, बलरामपुर समेत अन्य जिलों की मंडियों में बड़ी संख्या में किसान अपनी धान लेकर पहुंचे. इस बार किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें धान बेचने के लिए खरीदी केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें. किसान घर बैठे अपने मोबाइल फोन से धान बिक्री के लिए टोकन हासिल करके धान बेचने मंडियों में पहुंच रहे हैं. वहीं, छत्तीसगढ़ के किसानों को सबसे ज्यादा 3100 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिलेगा, यह भाव देशभर में सर्वाधिक है.

छत्तीसगढ़ सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग के अनुसार धान खरीद के लिए किसानों को टोकन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया एक सप्ताह पहले ही शुरू कर दी. किसानों की सुविधा के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप शुरू की गई है. इसके माध्यम से 10 नवंबर से ऑनलाइन टोकन जारी करने की शुरुआत हो चुकी है. यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. किसान अपनी सुविधानुसार मोबाइल ऐप के जरिए टोकन पा सकते हैं.

रायपुर जिले में प्रशासन ने किसानों की सुविधा और खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 14 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं. इसके साथ ही जिले में खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 154 हो गई है. कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरी करने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं. इस वर्ष किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जाएगा.

धान खरीदी के पहले दिन बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित धान उपार्जन केंद्र में पांच किसानों ने ऑनलाइन टोकन कटवाकर धान बेचने के लिए केंद्र पहुंचे. इस दौरान कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने धान बेचने पहुंचे तीन किसानों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया. कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष बलरामपुर जिले में 3 लाख 43 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

इस वर्ष छत्तीसगढ़ में किसानों से धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी. जबकि, धान का एमएसपी 2441 रुपये तय किया है. यानी राज्य के किसानों को प्रोत्साहन राशि के रूप में ज्यादा भाव दिया जाएगा. देश के किसी भी राज्य की तुलना में छत्तीसगढ़ में किसानों को सर्वाधिक भाव दिया जा रहा है. राज्य सरकार ने निगरानी सख्त करने के लिए एक किसान से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदने का नियम बनाया है. इस हिसाब से किसानों को उनकी खेती के रकबे के अनुसार धान बेचने की सीमा निर्धारित होगी.

राज्य सरकार के निर्देशों पर इस साल धान खरीदी के लिए प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं. इसके साथ ही खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो गई है. सरकार का लक्ष्य 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदने का है. नए केंद्र खुलने से किसानों को अपने नजदीक धान बेचने की सुविधा मिलेगी और पुराने खरीदी केंद्रों पर भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री ने सभी खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए बारदाना की व्यवस्था चौकस करने को कहा है.

धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था भी लागू की गई है. पिछले वर्ष एग्रीस्टैक आईडी के साथ पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं होगी. वहीं, राज्य में धान के लिए सर्वाधिक भाव दिए जाने से धान की अवैध आवक की आशंका को देखते हुए प्रदेश में 273 चेक पोस्ट और 131 सीमावर्ती खरीदी केंद्रों पर निगरानी की व्यवस्था की गई है. सरकार का उद्देश्य किसानों से सुचारु तरीके से धान खरीदने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है.

Share This Article