एग्रीवेट: सूरज की रोशनी से ऊर्जा बनाकर बिक्री करने की प्रक्रिया ने युवा किसान तरुण राजपूत के लिए कमाई का नया रास्ता खोल दिया है. पीएम कुसुम योजना का लाभ लेकर वह अपने खेत में जमीन पर फसल उगा रहे हैं और पोल के जरिए सोलर पैनल लगाकर बिजली पैदा कर रहे हैं. यह बिजली वह अगले 25 तक मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 33/11 केवी के विद्युत सब स्टेशन को बेचेंगे. इसके लिए नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग की ओर से दोनों पक्षों में करार हो चुका है.
मध्य प्रदेश में पीएम कुसुम योजना नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के जरिए किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है. विभाग की विज्ञप्ति में दी गई जानकारी के अनुसार योजना का लाभ ग्वालियर जिले की चीनौर तहसील के गांव मऊछ के युवा उद्यमी तरुण राजपूत को दिया गया है और वे योजना से खेती के साथ ही ऊर्जा पैदा करके कमाई कर पा रहे हैं. विभाग की मदद से तरुण ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना से जुड़कर अपने खेत में 2 मेगावाट का सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया है.
अनूपपुर: पराली जलाने के बजाय खेत में मिलाएं, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं – एग्रीवेट
मध्य प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग के अनुसार किसान तरुण राजपूत इस सोलर प्लांट से बनने वाली बिजली अगले 25 साल तक 3.07 रुपये प्रति यूनिट की दर से बनवार में स्थित मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 33/11 केवी के विद्युत सब स्टेशन को बेचेंगे. कंपनी ने तरुण के साथ इस आशय का अनुबंध किया है. अब तरुण राजपूत खेत में फसल पैदा करके कमाई कर पा रहे हैं और उसी जमीन पर सोलर पैनल के जरिए बिजली पैदा करके भी अतिरिक्त आमदनी पा रहे हैं.
खेत में लगे सोलर प्लांट में तरुण राजपूत.
केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने किसानों की कमाई बढ़ाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (कुसुम) शुरू किया है. इसी अभियान के जरिए तरुण राजपूत अपने खेतों में सोलर से बिजली पैदा कर रहे हैं. तरुण राजपूत ने कहा कि सोलर पैनल थोड़ा नीचे लग गए हैं, उन्हें जमीन से पोल बढ़ाकर 8 फीट की ऊंचाई पर लगाने का काम शुरू किया है. क्योंकि नीचे होने की वजह से खेती करने में दिक्कत हो रही थी, शुरूआत में जल्दबाजी में पोल की ऊंचाई छोटी रह गई थी. वह कहते हैं कि मैंने कभी सोचा नहीं था कि अपने ही गांव की धूप मेरी तकदीर बदल देगी. उन्होंने कहा कि सरकार ने सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर मेरे जैसे युवाओं के लिये रोजगार के नए दरवाजे खोले हैं.