IMD का मौसम अलर्ट जारी, हिमाचल में बारिश के आसार..राजस्थान में 37 डिग्री तक पहुंचेगा पारा – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: देश के कई हिस्सों में आज बारिश हो सकती है. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक, मॉनसून की सक्रियता के चलते सोमवार को कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की आशंका है. IMD का कहना है कि सोमवार को बिहार और उत्तर प्रदेश में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है. वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. हरियाणा में भी कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में देर रात गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हुई. इससे तापमान में गिराट आई है.

बिहार में 12 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है. दिनभर धूप खिल सकती है. इस दौरान तापमान 24 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की है. वहीं, उत्तर प्रदेश में सोमवार को मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की उम्मीद है. आसमान में हल्की धुंध के बीच धूप निकल सकती है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, राज्य में बारिश की संभावना नहीं है.

इसी तरह हिमाचल प्रदेश में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. राज्य के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने का अनुमान जताया है. पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है.

हरियाणा में सोमवार को मौसम गर्म और ज्यादातर शुष्क रह सकता है. दिन में धूप के साथ हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. हालांकि, राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए. वहीं, राजस्थान में सोमवार को मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है. दिन में धूप खिलने से गर्मी बनी रह सकती है. कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

पश्चिम बंगाल में 12 अक्टूबर को मौसम गर्म और ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है. दिन में हल्की धुंध के बीच धूप निकल सकती है. राज्य में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सोमवार को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की उम्मीद है. कुछ इलाकों में धूप निकल सकती है, जबकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर के लिए दोनों क्षेत्रों में कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की है.

Share This Article