विपक्षी दलों का आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, दिल्ली में 6 मेट्रो स्टेशन शाम 4 बजे तक बंद—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: दिल्ली में सोमवार को सुरक्षा कारणों से मेट्रो यात्रियों को परेशानी हो सकती है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के मुताबिक, सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेंगे. यह फैसला विपक्षी दलों के ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की तैयारी के बीच लिया गया है. विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

डीएमआरसी ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों पर सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक यात्रियों के आने-जाने पर रोक रहेगी. हालांकि, इन स्टेशनों पर यात्री मेट्रो बदल सकेंगे. डीएमआरसी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रखेंगी. जरूरत पड़ने पर नई जानकारी दी जाएगी.

#WATCH दिल्ली: विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च की योजना के कारण आज दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट बंद हैं।

वीडियो सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से है।

विपक्षी गठबंधन INDIA ने इस मार्च को ‘चलो दिल्ली-मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया है. विपक्षी दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित चुनावी गड़बड़ियों को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शन में उनके इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक लगाने और बैलेट पेपर से मतदान की व्यवस्था फिर से शुरू करने की मांग भी उठाई जाएगी.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए सोमवार को मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत से मिलने का समय मांगा था. दोनों नेता शाम 4 से 5 बजे के बीच उनसे मुलाकात करना चाहते थे और इस दौरान ज्ञापन सौंपने की योजना थी. हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश ने उनका अनुरोध स्वीकार नहीं किया. बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट में इस तरह के मामले पहले से लंबित हैं. इस संबंध में दोनों नेताओं को ईमेल के जरिए जवाब भेजा गया.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश ने राहुल गांधी को बताया कि प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में आदेश नहीं दिया जा सकता. उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत का रुख करने की सलाह दी. सूत्रों का कहना है कि इस मामले पर मंगलवार को सुनवाई हो सकती है. वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी दलों के अलावा युवा समूह, सिविल सोसाइटी के लोग और लोकतंत्र व संविधान में विश्वास रखने वाले लोग भी मार्च में शामिल होंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शनिवार को दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ पुलिसकर्मियों और भाजपा समर्थकों ने मारपीट की. राहुल गांधी के मुताबिक, सोमवार को अलग-अलग राजनीतिक दलों के लोग पार्टी, लिंग, जाति, समुदाय और राज्य के भेदभाव से ऊपर उठकर भारतीय नागरिक के रूप में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे.

Share This Article