एग्रीवेट: UP Sugarcane Crushing: उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है. राज्य में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 ने रफ्तार पकड़ ली है. अब तक प्रदेश की 96 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू हो चुकी है. मिलों में गन्ने की पेराई के साथ किसानों को भुगतान भी तेजी से किया जा रहा है. गन्ना विभाग के मुताबिक, अब तक किसानों के खातों में 552.23 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है. इससे उन किसानों को राहत मिल सकती है, जो गन्ना बेचने के बाद समय पर पैसे मिलने का इंतजार करते हैं.
प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई का काम शुरू हो चुका है. इनमें 78 निजी क्षेत्र की, 17 सहकारी क्षेत्र की और एक निगम क्षेत्र की मिल शामिल है. इन सभी मिलों ने अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है. इससे 63.80 लाख कुंतल चीनी तैयार हुई है. पेराई के मामले में हरदोई की हरियावां चीनी मिल सबसे आगे है. यहां अब तक 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई है. दूसरे नंबर पर सीतापुर की हरगांव मिल है, जहां 21.94 लाख कुंतल गन्ना पेरा गया है. वहीं, मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल 20.95 लाख कुंतल गन्ने की पेराई के साथ तीसरे नंबर पर है.
Gold Rate: लगातार तीसरे दिन महंगा हुआ सोना, चांदी फिर फिसली.. जानें दिल्ली से लखनऊ तक के भाव – एग्रीवेट
गन्ने की पेराई के साथ किसानों को भुगतान करने में भी कुछ मिलें आगे हैं. लखीमपुर खीरी की अजबापुर चीनी मिल (डीसीएम ग्रुप) ने अब तक सबसे ज्यादा 82 करोड़ रुपये किसानों को दिए हैं. इसके बाद मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये का भुगतान किया है.
गन्ना आयुक्त के अनुसार, चालू पेराई सत्र में अब तक किसानों का कुल 552.23 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया बना था. इसके मुकाबले चीनी मिलें 100 फीसदी से ज्यादा भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में कर चुकी हैं. यानी अब तक जितना गन्ना मूल्य देय हुआ, उससे अधिक रकम किसानों को मिल चुकी है.
पेराई सत्र की शुरुआत में ही भुगतान तेजी से होने से किसानों को अपनी जरूरतों के लिए पैसे मिलने में आसानी होगी. गन्ना बेचने के बाद मिलने वाली रकम से किसान खाद, बीज, डीजल और खेती से जुड़े दूसरे खर्च पूरे कर सकते हैं. साथ ही, समय पर भुगतान होने से उन्हें उधार लेने की जरूरत भी कम पड़ सकती है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी मिलों को किसानों का पैसा प्राथमिकता के आधार पर देने के निर्देश दिए हैं. गन्ना विभाग का कहना है कि भुगतान की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को उनके गन्ने का पैसा समय पर मिल सके. हालांकि, पूरे पेराई सत्र में भुगतान की रफ्तार कैसी रहती है, यह देखना भी जरूरी होगा.