एग्रीवेट: हरियाणा के करनाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI) ने दूध देने वाली बकरियों की दो उन्नत संकर नस्लों को मानकीकृत किया है. इन नस्लों की बकरियां करीब 150 दिनों में 400 से 450 लीटर तक दूध दे सकती हैं. अब इनका राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण कराने की तैयारी है. इससे इन नस्लों को देशभर में पहचान मिलेगी और किसानों को ज्यादा दूध देने वाली बकरियां पालने का मौका मिलेगा.
NDRI के निदेशक डॉ. धीर सिंह द ट्रिब्यून को बताया कि इन दोनों नस्लों को साल 2006 में विकसित किया गया था. इसके लिए पंजाब की देसी बीटल नस्ल की बकरियों का स्विट्जरलैंड की सानेन और उत्तरी अमेरिका की अल्पाइन नस्ल की बकरियों के साथ क्रॉस कराया गया था. इस काम की शुरुआत साल 1971 में हुई थी. वैज्ञानिकों ने कई दशकों तक अलग-अलग नस्लों के मेल से प्रयोग किए और हर पीढ़ी में बकरियों की क्षमता का आकलन किया.
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस: योगी आदित्यनाथ सरकार ने दूध उत्पादन में तोड़ा रिकॉर्ड, देश में UP बना नंबर-1 – एग्रीवेट
डॉ. धीर सिंह ने बताया कि संस्थान ने देश में बेहतर दूध देने वाली बकरियां विकसित करने के उद्देश्य से यह शोध शुरू किया था. लंबे समय तक चले प्रयोगों के बाद वैज्ञानिकों को 2006 में इन दोनों संकर नस्लों को विकसित करने में सफलता मिली. डॉ. धीर सिंह के मुताबिक, इन दोनों संकर नस्लों की बकरियां करीब 150 दिनों के दूध देने के समय में 400 से 450 लीटर तक दूध देती हैं. जबकि देसी नस्ल की बकरियों से आमतौर पर इसी अवधि में 150 से 170 लीटर दूध मिलता है. इस तरह नई नस्लों की दूध उत्पादन क्षमता देसी बकरियों के मुकाबले काफी ज्यादा है.
उन्होंने कहा कि बकरी का दूध पोषण के लिहाज से फायदेमंद है. इसके अलावा, बकरी पालन किसानों के लिए कमाई और रोजगार का अच्छा जरिया भी बन सकता है. इन नस्लों का राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण होने से इन्हें देशभर में पहचान मिलेगी. साथ ही, किसान भी इन बेहतर दूध देने वाली बकरियों को पाल सकेंगे. इन नस्लों को मानकीकृत करने और उनकी उत्पादन क्षमता का आकलन करने का काम पशु प्रजनन विभाग के प्रमुख डॉ. विकास वोहरा के नेतृत्व में किया गया. इस टीम में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नितिन त्यागी, डॉ. गोपाल गोवानी और डॉ. टीवी राजा, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रानी और अन्य शोधकर्ता शामिल थे.
डॉ. विकास वोहरा ने बताया कि संस्थान ने पिछले 20 सालों में अपने परिसर और किसानों के खेतों पर इन बकरियों की दूध उत्पादन क्षमता का परीक्षण किया है. अलग-अलग परिस्थितियों में इनके प्रदर्शन और अनुकूलन की जांच की गई. इसके लिए अच्छी नस्ल के बकरे और बकरियां प्रगतिशील किसानों को भी दिए गए, ताकि उनके यहां इनकी क्षमता का आकलन किया जा सके. उन्होंने बताया कि ज्यादा दूध देने और अधिक बच्चे पैदा करने की क्षमता के कारण इन उन्नत नस्लों से किसानों को प्रति बकरी सालाना 7,000 रुपये तक का अतिरिक्त फायदा हो सकता है.
किसानों को इन नस्लों की खूबियों से परिचित कराने के लिए संस्थान 26 से 28 नवंबर तक अपने परिसर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय डेयरी मेले का आयोजन करेगा. इस दौरान दोनों उन्नत नस्लों को प्रदर्शित किया जाएगा. NDRI इससे पहले करन फ्राइज नाम की संकर गाय की नस्ल भी विकसित कर चुका है. इस नस्ल को विकसित और मानकीकृत करने के कई साल बाद राष्ट्रीय स्तर पर पंजीकरण मिला था.