राजस्थान: खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू, अब FFS ऐप के जरिए मिलेगा यूरिया और डीएपी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: 27 नवंबर 2026, जयपुर: राजस्थान: खाद वितरण की नई व्यवस्था लागू, अब FFS ऐप के जरिए मिलेगा यूरिया और डीएपी – राजस्थान में रबी सीजन 2026-27 में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद का पारदर्शी, आसान और समय पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार से एफएफएस (फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल्स) ऐप आधारित व्यवस्था लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत सब्सिडी वाले उर्वरकों का वितरण ऐप के माध्यम से किया जाएगा। इसका उद्देश्य खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और औद्योगिक उपयोग के लिए होने वाली अवैध आपूर्ति पर रोक लगाना है।

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) यशवंती ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए जिले में 1.85 लाख मीट्रिक टन यूरिया और 72 हजार मीट्रिक टन डीएपी की मांग निर्धारित की गई है। खरीफ सीजन में 7 लाख 39 हजार 328 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हुई थी, जबकि रबी सीजन में 7 लाख 37 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई का अनुमान है। अब तक 3 लाख 67 हजार 962 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हो चुकी है। इसमें सरसों की 1 लाख 78 हजार 500 हेक्टेयर, चने की 71 हजार 800 हेक्टेयर, गेहूं की 99 हजार 300 हेक्टेयर और जौ की 15 हजार 500 हेक्टेयर में बुवाई शामिल है।

उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 1 लाख 24 हजार 262 मीट्रिक टन यूरिया और 49 हजार 917 मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति की जा चुकी है। शेष मांग के अनुसार 60 हजार 700 मीट्रिक टन यूरिया और 22 हजार मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति की जानी है। वर्तमान में जिले में 22 हजार 448 मीट्रिक टन यूरिया और 4 हजार 253 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक उपलब्ध है।

रबी फसलों की बुवाई का रकबा बढ़ने के साथ खाद की मांग और बिक्री में भी वृद्धि हुई है। फिलहाल जिले में खाद की कालाबाजारी या औद्योगिक उपयोग के लिए अवैध रूप से खाद भेजे जाने की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। इसके बावजूद खाद के स्टॉक और विक्रेताओं की नियमित निगरानी की जा रही है।

एफएफएस ऐप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी वाले उर्वरक वास्तविक किसानों तक पहुंचें। इसके लिए एग्रीस्टैक आधारित फार्मर ID का उपयोग खाद की बुकिंग और वितरण में किया जाएगा। ऐप के माध्यम से उर्वरकों की बिक्री और वितरण की ऑनलाइन निगरानी भी की जा सकेगी। इससे खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और औद्योगिक उपयोग के लिए होने वाले डायवर्जन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को नई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं। खाद विक्रेताओं को एफएफएस ऐप का उपयोग करने और बिक्री का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के लिए कहा गया है। कृषि विभाग ने किसानों से उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की अपील की है। साथ ही नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, एसएसपी, एनपीके और जैव उर्वरकों जैसे विकल्पों को अपनाने की सलाह दी है।

Share This Article