गन्ना मूल्य और बकाया भुगतान पर आर-पार की तैयारी, भाकियू ने 72 घंटे के आंदोलन का किया ऐलान, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश में गन्ने का भाव घोषित करने और किसानों का बकाया भुगतान कराने समेत अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आंदोलन का ऐलान किया है. संगठन की राष्ट्रीय समन्वय समिति ने फैसला किया है कि 7 दिसंबर 2026 से प्रदेश के सभी गन्ना उत्पादक जिलों में जिला मुख्यालयों पर 72 घंटे का किसान सत्याग्रह किया जाएगा. इसे ‘गन्ना मूल्य क्रांति महापड़ाव’ नाम दिया गया है.

भाकियू की ओर से 28 नवंबर को जारी कार्यक्रम संबंधी सूचना में सभी पदाधिकारियों और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन  में शामिल होने की अपील की गई है. संगठन का कहना है कि किसान अपने हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करने के लिए जिला अधिकारी कार्यालयों पर जुटेंगे. संगठन ने यह भी निर्देश दिया है कि गन्ना उत्पादक जिलों के मंडल अध्यक्ष अपने गृह जिले में रात का पड़ाव नहीं करेंगे. उन्हें अपने मंडल के किसी दूसरे जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना होगा. भाकियू ने इस कार्यक्रम की सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारियों और मीडिया संस्थानों को भी भेजी है.

हालांकि, भाकियू ने भले ही आंदोलन का ऐलान किया है, लेकिन राज्य सरकार गन्ना किसानों  के हित में कई कदम उठाए हैं. दो दिन पहले ही खबर सामने आई थी कि अब तक गन्ना किसानों के बैंक खातों में 552.23 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम भेजी जा चुकी है. इससे गन्ना बेचने के बाद भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली है. वहीं, गन्ना किसानों को घटतौली से बचाने के लिए राज्य सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी मिलों और गन्ना क्रय केंद्रों पर लगी तौल मशीनों की जांच की जा रही है. इसी सिलसिले में गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने चीनी मिलों के आईटी प्रमुखों और तौल मशीनों का सॉफ्टवेयर व हार्डवेयर उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इसमें घटतौली रोकने के उपायों पर चर्चा की गई.

गन्ना आयुक्त ने बताया कि पेराई सत्र 2026-27 की शुरुआत से ही गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली रोकने के लिए अधिकारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं. इसका मकसद किसानों को उनके गन्ने का सही वजन दिलाना और उसी के हिसाब से भुगतान सुनिश्चित  करना है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 शुरू हो चुका है और सभी चीनी मिलों में गन्ने की खरीद की जा रही है. किसानों से मिलों के गेट और बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों के जरिए गन्ना लिया जा रहा है. सही तौल सुनिश्चित करने और घटतौली पर रोक लगाने के लिए विभाग ने कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इनका सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय अधिकारियों को सौंपी गई है.

Share This Article