एग्रीवेट: महाराष्ट्र में सूखे जैसे हालात के बावजूद 11 जिलों में पिछले साल के मुकाबले रबी फसलों की बुवाई ज्यादा हुई है. इन जिलों में 6 विदर्भ, 4 उत्तर महाराष्ट्र और एक कोंकण क्षेत्र का जिला शामिल है. खास बात यह है कि इन सभी 11 जिलों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दौरान सामान्य से कम बारिश हुई थी. इन जिलों में बारिश की कमी 1 फीसदी से लेकर 65 फीसदी से ज्यादा तक रही. हालांकि, पूरे राज्य में रबी फसलों की बुवाई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पूरे महाराष्ट्र में अब तक सामान्य बुवाई क्षेत्र का केवल 31 फीसदी हिस्सा ही कवर हो पाया है. यह पिछले साल इसी अवधि के मुकाबले 18 फीसदी कम है.
राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने हिंदुस्तान टाइम्स से कहा कि मौजूदा सूखे की स्थिति को देखते हुए उन्हें रबी फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद नहीं है. कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने कहा कि इन 11 जिलों में रबी फसलों की बढ़ती बुवाई का असर आगे कितना दिखाई देगा, यह देखना होगा. फसलों की अच्छी बढ़त के लिए पर्याप्त पानी जरूरी है, लेकिन पूरे महाराष्ट्र में जलस्तर लगातार घट रहा है. वहीं, कृषि विभाग ने भी चेतावनी दी है कि पानी की बढ़ती कमी के कारण इन जिलों में रबी बुवाई का रकबा ज्यादा बढ़ने की संभावना कम है.
राज्य में पानी के लिए तरस रही केले की फसल, सूखने लगे पौधे, किसानों ने लगाई गुहार – एग्रीवेट
महाराष्ट्र में रबी फसलों की बुवाई का सामान्य क्षेत्र 57.80 लाख हेक्टेयर से अधिक है. राज्य में रबी सीजन की प्रमुख फसलों में ज्वार, गेहूं, चना, मक्का और दालें शामिल हैं. कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल सितंबर के बाद हुई बेमौसम बारिश के कारण रबी फसलों की बुवाई में देरी हुई थी. लेकिन इस साल खरीफ फसलों की खराब पैदावार के चलते किसानों ने जल्द ही खेतों से खराब फसलें हटाकर रबी की बुवाई शुरू कर दी. वे मिट्टी में बची हुई नमी का इस्तेमाल करना चाहते थे. नागपुर संभाग के कृषि संयुक्त निदेशक उमेश घाटगे ने बताया कि खरीफ फसलें खराब होने के बाद राज्य के ज्यादातर किसानों ने खेतों से खराब फसलें हटाईं और जमीन तैयार करके रबी फसलों की बुवाई शुरू कर दी. किसानों ने ऐसा इसलिए किया ताकि मिट्टी में बची हुई नमी का फायदा उठाया जा सके.
उत्तर महाराष्ट्र के धुले जिले में रबी फसलों की बुवाई में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जिले में मॉनसून के दौरान सामान्य से 19 फीसदी कम बारिश हुई थी. इसके बावजूद यहां अब तक सामान्य रबी बुवाई क्षेत्र का 50 फीसदी हिस्सा कवर हो चुका है. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा केवल 31 फीसदी था. इस बार किसानों ने गेहूं के बजाय ज्वार और चने की बुवाई को ज्यादा तरजीह दी है. इसकी वजह यह है कि गेहूं की तुलना में ज्वार और चने की खेती में कम खर्च आता है और इन्हें मिट्टी में कम नमी की जरूरत होती है.
धुले के कृषि अधिकारी सूरज जगताप ने बताया कि जिले में अब तक ज्यादातर बुवाई शिरपुर तहसील में हुई है. यहां अभी कुछ मात्रा में पानी उपलब्ध है. कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, नासिक और जलगांव जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में किसानों ने रबी फसलों की बुवाई की है. इन इलाकों में कुओं और खेतों में बने तालाबों में पानी उपलब्ध होने से किसानों को मदद मिली है. उधर, सूखे से प्रभावित मराठवाड़ा के बीड जिले में भी रबी बुवाई सामान्य क्षेत्र के 50 फीसदी से ज्यादा पहुंच गई है. हालांकि, यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 14 फीसदी कम है. बीड पहले से ही पानी की गंभीर कमी का सामना कर रहा है.
बीड जिले में किसानों ने खेतों में बने तालाबों में जमा पानी का इस्तेमाल रबी फसलों की बुवाई के लिए किया है. इसके अलावा, पानी के बंटवारे के तहत जायकवाड़ी बांध से भी पानी छोड़ा गया है. इससे बीड के किसानों को रबी फसलों की बुवाई करने में मदद मिली है. कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फसल बीमा ने भी कुछ किसानों को पानी की कमी और फसल खराब होने के जोखिम के बावजूद बुवाई करने के लिए प्रोत्साहित किया है.
कृषि विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आमतौर पर राज्य सरकार रबी फसलों के नुकसान पर मुआवजा नहीं देती है. इस बार अगर सरकार रबी फसल खराब होने पर मुआवजा देने का फैसला करती है, तो इससे किसानों के एक बड़े वर्ग में नाराजगी पैदा हो सकती है. इसकी वजह यह है कि पानी की कमी के कारण हजारों किसान अपने खेतों में रबी फसलों की बुवाई तक नहीं कर पाए हैं. ऐसे में उन्हें मुआवजे का लाभ नहीं मिल सकेगा.