सूखा पीड़ित 42 लाख किसानों को मुफ्त मिलेगा गेहूं-चावल, सिंचाई के लिए 5 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट मंजूर – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: सूखा प्रभावित महाराष्ट्र के किसानों को राहत देने के लिए मंत्रिमंडल ने बुधवार को 33 जिलों के गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के 42.30 लाख किसानों को अगले तीन महीनों के लिए मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मंजूरी दी, जो मुफ्त राशन योजना और डीबीटी योजना में शामिल नहीं हैं. मंत्रिमंडल ने नंदुरबार जिले में नर्मदा-तापी नदी-जोड़ो परियोजना (एनटीआरएलपी) के लिए 5,548 करोड़ रुपये भी मंजूर किए. यह परियोजना फसलों की सिंचाई के लिए पानी संकट और पेयजल किल्लत दूर करेगी.

महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में 25 नवंबर को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 33 सूखाग्रस्त जिलों के 42 लाख 30 हजार 783 किसानों को तीन महीने तक मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई. इस योजना का लाभ उन किसान परिवारों को मिलेगा, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और राज्य की एपीएल-प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) योजना के दायरे में नहीं आते हैं.

योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर महीने प्रति व्यक्ति 5 किलो मुफ्त अनाज दिया जाएगा. इसमें 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं शामिल होगा. यह सुविधा लगातार तीन महीने तक मिलेगी. सरकार तीन महीने बाद सूखे की स्थिति और जरूरतों की समीक्षा करेगी। इसके बाद तय किया जाएगा कि योजना को आगे जारी रखा जाए या नहीं. इस योजना में मुंबई शहर, मुंबई उपनगर और ठाणे जिलों को शामिल नहीं किया गया है.

राज्य में पहले से ही करीब 5.79 करोड़ लाभार्थियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुफ्त अनाज मिल रहा है. वहीं, प्रभावित जिलों के करीब 21.60 लाख किसानों को एपीएल-डीबीटी योजना के तहत हर महीने 170 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. नई योजना के जरिए उन किसान परिवारों को राहत देने की कोशिश की गई है, जिन्हें इन दोनों योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है.

सरकार के मुताबिक, जिन राशन कार्डधारकों की आधार सीडिंग पूरी हो चुकी है, उन्हें ई-पॉस मशीन के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद अनाज दिया जाएगा. जिन लाभार्थियों की आधार सीडिंग अभी पूरी नहीं हुई है, उन्हें यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से अनाज उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए राज्य सरकार केंद्र के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित करने का अनुरोध करेगी.

सूखे से निपटने के लिए मंत्रिमंडल की बैठक में अन्य फैसले भी लिए गए हैं. राज्य में जरूरत के अनुसार चारा शिविर शुरू करने की अनुमति दी गई है. इसके अलावा पुलों के निर्माण के दौरान उनके नीचे कम से कम एक मीटर पानी रोकने की व्यवस्था अनिवार्य करने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया है, ताकि जल भंडारण क्षमता बढ़ाई जा सके. वहीं, नर्मदा-तापी नदी जोड़ो परियोजना के लिए फंड को मंजूरी दे दी गई है. इस परियोजना से सिंचाई और पेयजल संकट दूर होने का दावा किया जा रहा है. इसके अलावा ग्राम पंचायत और जिला परिषद के तालाबों से गाद निकालकर किसानों को मुफ्त देने की योजना की समयसीमा भी 30 जून तक बढ़ा दी गई है.

Share This Article