मुजफ्फरनगर में पराली के खिलाफ जागरुकता अभियान तेज, प्रचार वाहन रवाना, किसानों ने ली शपथ – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: जिले में फसल अवशेष (पराली/पत्ती) जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कृषि विभाग ने जागरुकता अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में 18 नवंबर 2026 से प्रचार-प्रसार वाहन का संचालन शुरू किया गया है. यह वाहन जिले के हर गांव में जाकर किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक करेगा. जिले के किसानों ने पराली न जलाने की शपथ भी ली है.

कृषि विभाग की ओर से संचालित “मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन एवं प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फार इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना” के तहत किसानों को पराली जलाने के नुकसान बताए जा रहे हैं. उन्हें सलाह दी जा रही है कि फसल अवशेष को जलाने के बजाय मिट्टी में ही मिला दें, इससे जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ती है.

विभाग के अनुसार इन प्रयासों का सकारात्मक असर दिख रहा है. जिले में वर्ष 2024-25 में फसल अवशेष जलाने की 92 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2025-26 में 42 घटनाएं दर्ज की गईं. विभाग का कहना है कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अभी तक पराली या पत्ती जलाने की कोई घटना नहीं हुई है. यह जानकारी उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, मुजफ्फरनगर कार्यालय की ओर से जारी की गई है.

Share This Article