एग्रीवेट: Sugarcane कीमत: पंजाब के गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार ने पेराई सीजन 2026-27 के लिए गन्ने का भाव बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया है. सरकार का दावा है कि, यह देश में गन्ने का सबसे ज्यादा सरकारी भाव है. इसके साथ ही राज्य की चीनी मिलें 25 नवंबर 2026 से चालू करने की तैयारी है. इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और गन्ने की पेराई का काम भी शुरू हो सकेगा. हालांकि, किसान संगठनों की मांग इससे कहीं ज्यादा थी.
पंजाब सरकार ने पिछले पेराई सीजन 2025-26 में गन्ने का राज्य सलाहकारी मूल्य (SAP) 416 रुपये प्रति क्विंटल तय किया था. अब इसमें 15 रुपये की बढ़ोतरी करके 2026-27 के लिए 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है. इस बढ़ोतरी के साथ पंजाब ने पड़ोसी राज्य हरियाणा के 430 रुपये प्रति क्विंटल के भाव को भी पीछे छोड़ दिया है. यानी पंजाब के किसानों को हरियाणा के मुकाबले एक रुपये प्रति क्विंटल ज्यादा भाव मिलेगा. इससे पहले पंजाब सरकार ने 2024 में गन्ने का भाव 401 रुपये और 2025-26 में 416 रुपये प्रति क्विंटल किया था.
रसोई पर महंगाई की मार! शाकाहारी थाली 12 फीसदी महंगी.. आम परिवारों की बढ़ी परेशानी – एग्रीवेट
सरकार के ऐलान के मुताबिक, पंजाब की चीनी मिलें 25 नवंबर से काम करना शुरू करेंगी. इससे गन्ने की कटाई और मिलों तक फसल पहुंचाने का काम तेजी पकड़ सकता है. राज्य में इस साल करीब 1.16 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती हुई है, जबकि पिछले साल यह रकबा करीब 1.12 लाख हेक्टेयर था. इस सीजन में लगभग 700 लाख क्विंटल गन्ने का उत्पादन होने का अनुमान है. राज्य में गन्ने की कुल पेराई का करीब 70 फीसदी काम निजी मिलें और बाकी 30 फीसदी सहकारी मिलें करती हैं.
ਪੰਜਾਬ ਦੇ ਗੰਨਾ ਕਾਸ਼ਤਕਾਰਾਂ ਲਈ ਵੱਡੀ ਖੁਸ਼ਖਬਰੀ.. ਸਾਡੀ ਸਰਕਾਰ ਨੇ ਸਾਲ 2026-27 ਲਈ ਗੰਨੇ ਦਾ ਰੇਟ ਵਧਾ ਕੇ ₹431 ਪ੍ਰਤੀ ਕੁਇੰਟਲ ਕਰ ਦਿੱਤਾ ਹੈ, ਜੋ ਕਿ ਪੂਰੇ ਦੇਸ਼ ਵਿੱਚ ਸਭ ਤੋਂ ਵੱਧ ਹੈ..
ਇਨਕਲਾਬ ਜ਼ਿੰਦਾਬਾਦ!
हालांकि, पंजाब सरकार ने गन्ने का भाव 431 रुपये किया है, लेकिन किसान संगठन इससे ज्यादा कीमत मांग रहे थे. किसानों ने गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई थी. उनका कहना था कि खाद, बीज, डीजल, मजदूरी और सिंचाई का खर्च लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में 15 रुपये की बढ़ोतरी से उन्हें ज्यादा राहत नहीं मिलेगी.
किसानों ने भाव घोषित करने में देरी और पिछले पेराई सीजन के करीब 7 करोड़ रुपये के बकाये को लेकर भी नाराजगी जताई थी. इसी वजह से नवंबर में आंदोलन की चेतावनी दी गई थी.
केंद्र सरकार ने पूरे देश के लिए 2026-27 सीजन का गन्ना एफआरपी 365 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. यह 10.25 फीसदी चीनी रिकवरी के आधार पर है. इसके मुकाबले पंजाब का 431 रुपये का राज्य सलाहकारी मूल्य ज्यादा है. ध्यान देने वाली बात है कि एफआरपी केंद्र सरकार का तय न्यूनतम भाव है, जबकि SAP राज्य सरकार की ओर से तय किया जाता है.