एग्रीवेट: Gokul Milk कीमत Hike: दूध खरीदने वाले लोगों की जेब पर एक बार फिर महंगाई का असर पड़ने वाला है. देश में दूध की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं. अब महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गोकुल दूध संघ ने गाय और भैंस के दूध के दाम बढ़ा दिए हैं. नई कीमतें 21 नवंबर से लागू हो गई हैं. गाय के दूध पर 4 रुपये और भैंस के दूध पर 6 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. हालांकि, इस फैसले के पीछे किसानों की परेशानी और सूखे के हालात को वजह बताया गया है. लेकिन सवाल यह भी है कि दूध के दाम बढ़ने से पशुपालकों को कितना फायदा मिलेगा?
कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ यानी गोकुल दूध संघ ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है. संघ के चेयरमैन राजेश पाटिल ने बताया कि, गाय के दूध की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध की कीमत 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है. नई दरें 21 नवंबर से लागू हो चुकी हैं.
ओलावृष्टि से फसल नुकसान.. बंगाल सरकार ने मुआवजा देने के दिए निर्देश, किसानों को दी ये सलाह – एग्रीवेट
इस फैसले को संघ के सभी 25 निदेशकों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी है. बताया गया कि सूखे के हालात और किसानों को हो रही परेशानियों को देखते हुए दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है.
गोकुल दूध संघ ने सिर्फ ग्राहकों के लिए दूध महंगा नहीं किया है, बल्कि दूध देने वाले पशुपालकों को मिलने वाली कीमत भी बढ़ाई है. अब भैंस का दूध देने वाले किसानों को पहले के मुकाबले 3 रुपये प्रति लीटर और गाय का दूध देने वाले किसानों को 2 रुपये प्रति लीटर ज्यादा मिलेंगे. बढ़ी हुई दरें मार्च तक यानी करीब 131 दिनों के लिए लागू रहेंगी. इस दौरान हर महीने हालात की समीक्षा की जाएगी. अगर पशुपालकों की लागत और बाजार की स्थिति में बदलाव होता है, तो उसके हिसाब से आगे फैसला लिया जाएगा.
दूध की कीमतें बढ़ने के बावजूद कुछ दूध उत्पादक इससे खुश नहीं हैं. उनका कहना है कि पशुओं के चारे, दाने और दूसरे खर्च लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में दूध खरीदने की कीमत में 2 से 3 रुपये की बढ़ोतरी से उनकी पूरी लागत नहीं निकल पा रही है. कुछ किसानों ने दूध की खरीद और बिक्री की कीमतों के बीच बड़े अंतर पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि उन्हें दूध के लिए करीब 63 रुपये प्रति लीटर मिल रहे हैं, जबकि बाजार में यही दूध 78 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा है. किसानों का आरोप है कि बढ़ी हुई कीमतों का ज्यादा फायदा दूध संघ को मिल रहा है, जबकि पशुपालकों को राहत कम मिल रही है.
गोकुल दूध संघ से पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से अपने कुछ दूध उत्पादों की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी. कंपनियों ने इसके पीछे दूध उत्पादन से जुड़े खर्च और दूसरे कामकाजी खर्च बढ़ने की बात कही थी. ऐसे में अब दूध की बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों के घरेलू बजट के साथ पशुपालकों की कमाई पर भी पड़ सकता है.