एग्रीवेट: 02 नवंबर 2026, मुंबई: महिंद्रा ने अक्टूबर 2026 में बेचे 64,846 ट्रैक्टर, घरेलू बिक्री में 13% की गिरावट – महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस (FEB) ने अक्टूबर 2026 में कुल 64,846 ट्रैक्टरों की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष के इसी महीने में बेची गई 73,660 इकाइयों की तुलना में 12% कम है। कंपनी के अनुसार, घरेलू बाजार में बिक्री में गिरावट का प्रमुख कारण त्योहारों के कैलेंडर में बदलाव रहा। इस वर्ष दिवाली नवंबर में है, जबकि पिछले साल यह अक्टूबर में थी।
अक्टूबर 2026 में कंपनी की घरेलू ट्रैक्टर बिक्री 62,626 इकाई रही, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 72,071 इकाई थी। इस प्रकार घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 13% की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, निर्यात बाजार में कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। अक्टूबर में ट्रैक्टर निर्यात 40% बढ़कर 2,220 इकाई पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में 1,589 ट्रैक्टरों का निर्यात किया गया था।
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने बिक्री प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा, “अक्टूबर के दौरान हमने घरेलू बाजार में 62,626 ट्रैक्टर बेचे हैं। बिक्री में गिरावट का मुख्य कारण त्योहारों के कैलेंडर में बदलाव रहा, क्योंकि इस साल दिवाली अक्टूबर के बजाय नवंबर में है। निर्यात बाजारों में हमने 2,220 ट्रैक्टर बेचे हैं।”
अक्टूबर में मासिक बिक्री में गिरावट के बावजूद चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों में कंपनी की संचयी बिक्री में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान घरेलू ट्रैक्टर बिक्री 2% बढ़कर 3,25,498 इकाई पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 3,19,407 इकाई थी।
इसी अवधि में कंपनी का ट्रैक्टर निर्यात 19% बढ़कर 13,416 इकाई हो गया, जबकि अप्रैल-अक्टूबर 2025 के दौरान 11,278 ट्रैक्टरों का निर्यात किया गया था।
घरेलू बिक्री और निर्यात को मिलाकर महिंद्रा की कुल ट्रैक्टर बिक्री अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान 2% बढ़कर 3,38,914 इकाई रही। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी ने कुल 3,30,685 ट्रैक्टर बेचे थे।
निर्यात के आंकड़ों में CKD (Completely Knocked Down) इकाइयां भी शामिल हैं।