आफत की बारिश! 20 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट, तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट के आसार, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट

Team Agrivate
8 Min Read

एग्रीवेट: देश से मॉनसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, लेकिन कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का खतरा बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 नवंबर के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है. इसके मुताबिक, देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ तूफान आने की आशंका है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश समेत करीब 20 राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 से 95 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इससे फसलों, पेड़ों और कच्चे मकानों के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है.

मौसम में बदलाव के चलते कुछ इलाकों में तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. वहीं, पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह  दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी और तटीय राज्यों में भारी बारिश ला सकता है. इसके प्रभाव से 3 नवंबर की सुबह तक एक चक्रवाती तूफान दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. वहीं, असम और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसका असर पूर्वोत्तर भारत के मौसम पर पड़ सकता है.

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु  में बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि भी हो सकती है. इससे खेती-किसानी के कामकाज और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है.

दिल्ली में 3 नवंबर को भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है. गोरखपुर, देवरिया, सोनभद्र, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर और बहराइच में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. जबकि, राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. इनमें सीवान, सारण, गया, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, भागलपुर और बेगूसराय शामिल हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, झारखंड में भी 3 नवंबर को मौसम खराब रह सकता है. रांची, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, देवघर और हजारीबाग समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है.

उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी गढ़वाल में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, किन्नौर, चंबा, सोलन और बिलासपुर में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. पहाड़ी इलाकों में खराब मौसम के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में पर्यटकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, फिरोजपुर, होशियारपुर, बठिंडा और गुरदासपुर  में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान के जयपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर, धौलपुर और बांसवाड़ा में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इसी तरह मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी चलने का येलो अलर्ट जारी किया है. सिवनी, अनूपपुर, विदिशा, नर्मदापुरम, खरगोन, बैतूल, मंडला, शहडोल, खंडवा, सागर और इंदौर समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने की आशंका है.

Share This Article