एग्रीवेट: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर और श्री सत्य साईं जिलों में चारे की भारी कमी हो गई है. अल नीनो के प्रभाव से पैदा हुए सूखे के कारण दोनों जिलों में करीब 11.04 लाख मीट्रिक टन चारे की कमी का अनुमान है. इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने पशुओं की सुरक्षा और किसानों को राहत देने के लिए आपात कदम उठाए हैं. 9 नवंबर को कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री वाई सत्य कुमार यादव ने चारे की कमी का मुद्दा उठाया था. उन्होंने बताया कि कम बारिश के कारण चरागाह सूख गए हैं और पशुओं के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है. इसके बाद मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को तुरंत राहत योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि पशुओं को बचाया जा सके और ग्रामीण किसानों को मदद मिल सके.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पशुपालन विभाग के निदेशक अमरेंद्र ने दोनों जिलों में चारे की उपलब्धता और जरूरत का जायजा लेने के लिए समीक्षा बैठक की. इसमें कुल 11.04 लाख मीट्रिक टन चारे की कमी सामने आई. श्री सत्य साईं जिले की सभी 363 राजस्व ग्राम सचिवालयों में चारे की कमी पाई गई है. जिले में 3.56 लाख गाय और भैंस हैं, जबकि भेड़-बकरियों की संख्या 32.49 लाख है. अधिकारियों के मुताबिक, इन पशुओं के लिए 90 दिनों में 4,58,946 मीट्रिक टन चारे की जरूरत है. लेकिन फिलहाल सिर्फ 2,39,891 मीट्रिक टन चारा उपलब्ध है. इस तरह जिले में 2,19,055 मीट्रिक टन चारे की कमी है.
आज चक्रवात में तब्दील होगा बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव, कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट – एग्रीवेट
अनंतपुर जिले की 362 ग्राम सचिवालयों में से 293 में चारे की कमी दर्ज की गई है. जिले में 3.50 लाख गाय और भैंस हैं, जबकि भेड़-बकरियों की संख्या 8.84 लाख से अधिक है. अधिकारियों के मुताबिक, इन पशुओं के लिए 90 दिनों में 12,72,426 मीट्रिक टन चारे की जरूरत है, लेकिन फिलहाल केवल 3,87,533 मीट्रिक टन चारा उपलब्ध है. इस तरह जिले में 8,84,893 मीट्रिक टन चारे की कमी है.
चारे के संकट से निपटने के लिए पशुपालन विभाग ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है. विभाग के निदेशक अमरेंद्र ने बताया कि सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शुरुआती तौर पर 250 मीट्रिक टन चारा भेजा जा रहा है. इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है. चारे की कमी को देखते हुए पशुपालन विभाग ने जरूरत के हिसाब से चारे के वितरण की योजना बनाई है. इसके तहत सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में सूखा चारा, हरा चारा और संतुलित पशु आहार सीधे पहुंचाया जाएगा. इसके लिए स्थानीय स्तर पर चारे की कमी और किसानों की जरूरत का आकलन किया जा रहा है. स्वास्थ्य मंत्री वाई सत्य कुमार यादव ने डेयरी और पशुपालक किसानों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके साथ है और हर संभव मदद करेगी. उन्होंने पशुओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाने पर मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू का आभार भी जताया.