गोकुल के दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी से किसान नाखुश, बोले- चारे के खर्च के मुकाबले राहत नाकाफी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ यानी गोकुल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है, लेकिन दूध उत्पादक किसान इससे संतुष्ट नहीं हैं. किसानों का कहना है कि दूध खरीदने के दाम में की गई बढ़ोतरी पशुओं के चारे और देखभाल पर बढ़ते खर्च के मुकाबले काफी कम है. उनका मानना है कि इस फैसले से किसानों को उतनी राहत नहीं मिलेगी, जितनी उम्मीद थी. सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ यानी गोकुल मिल्क यूनियन ने भैंस का दूध 6 रुपये प्रति लीटर और गाय का दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया. वहीं, नई दरें 21 नवंबर से लागू कर दी गई हैं.

गोकुल मिल्क यूनियन के अध्यक्ष राजेश पाटिल ने शनिवार को बताया कि भैंस के दूध के खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. वहीं, ग्राहकों के लिए भैंस के दूध की बिक्री कीमत 6 रुपये और गाय के दूध की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है. संघ के सभी 25 निदेशकों ने मिलकर यह फैसला लिया है.

दूध उत्पादक किसान इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं. उनका कहना है कि पशुओं के चारे और दाने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन दूध के खरीद मूल्य में की गई बढ़ोतरी इन खर्चों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है. किसानों के मुताबिक, पशुओं के दाने का एक बोरा 2,100 से 2,200 रुपये में मिल रहा है. एक डेयरी फार्म में रोजाना तीन से चार बोरों की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा हरे और सूखे चारे पर भी काफी खर्च करना पड़ता है.

राजेश पाटिल के मुताबिक, नई दरें 21 नवंबर से लागू होकर मार्च तक यानी करीब 131 दिनों तक प्रभावी रहेंगी. इस दौरान हर महीने दूध की उपलब्धता और बाजार की स्थिति की समीक्षा की जाएगी. जरूरत पड़ने पर बोर्ड आगे भी कीमतों को लेकर फैसला लेगा. उन्होंने कहा कि सूखे की स्थिति और किसानों की बढ़ती मुश्किलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. महाराष्ट्र में आने वाले समय में दूध की उपलब्धता कम होने की आशंका भी है.

एक दूध उत्पादक किसान ने सवाल उठाया कि जब ग्राहकों को दूध 78 रुपये प्रति लीटर के भाव से बेचा जा रहा है और किसानों को केवल 63 रुपये प्रति लीटर मिल रहे हैं, तो उत्पादकों को इसका कितना फायदा मिल रहा है? किसान का कहना है कि दूध की बिक्री कीमत और खरीद कीमत के बीच का अंतर काफी ज्यादा है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी का बड़ा फायदा किसानों के बजाय संघ को मिल रहा है.

किसानों का कहना है कि सूखे और बारिश की कमी के कारण पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो रहा है. इसके साथ ही पशुओं के शेड का रखरखाव और दूसरे खर्च भी लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में दूध के खरीद मूल्य में थोड़ी बढ़ोतरी से उनकी आर्थिक परेशानी दूर नहीं होगी. किसानों की मांग है कि दूध की कीमत में बढ़ोतरी का उचित लाभ सीधे दूध उत्पादकों को मिलना चाहिए, ताकि डेयरी का काम उनके लिए घाटे का सौदा न बने. (PTI)

Share This Article