एग्रीवेट: छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव की महिलाओं के महुआ से मिठाई, बिस्किट आदि बनाने की सफल कहानी ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को भी प्रेरित किया है. मध्य प्रदेश के सीधी जिले की महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर महुआ के उत्पाद बनाने की शुरुआत की है और अच्छी बिक्री के साथ उत्पादन बढ़ाकर कमाई बढ़ाने में कामयाबी पाई है. यहां दो समूहों की महिलाओं ने घूंघट से निकल उद्यम से जुड़कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है. हर महिला प्रति माह 15 हजार रुपये तक की अतिरिक्त कमाई कर पा रही है, जो पहले जीरो रुपये थी.
मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार कभी जंगलों में सहज रूप से उपलब्ध महुआ का उपयोग सीमित पारंपरिक गतिविधियों तक होता था, लेकिन अब इसी महुआ से तैयार हो रहे लड्डू, बिस्किट और कुकीज ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रहे हैं. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मझौली और सीधी विकासखंड में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने महुआ के संग्रहण से लेकर प्रोसेसिंग और उत्पाद निर्माण के साथ ही बिक्री की जिम्मेदारी संभालकर एक सफल आजीविका मॉडल विकसित किया है.
गोकुल के दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी से किसान नाखुश, बोले- चारे के खर्च के मुकाबले राहत नाकाफी – एग्रीवेट
मझौली विकासखंड के ग्राम गजरी की मंजू सिंह की कहानी महिला सशक्तीकरण की प्रेरक मिसाल है. एक गरीब परिवार से आने वाली मंजू सिंह कभी घूंघट के भीतर रहकर घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित थीं. आज वे अपने गांव की महिलाओं के साथ मिलकर एक सफल उद्यम का संचालन कर रही हैं. महिमा उत्पादक समूह की अध्यक्ष के रूप में उन्होंने महुआ से बनने वाले लड्डू और बिस्किट को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया. इसके लिए महिलाओं को जागरूक किया, महुआ संग्रहण की स्वच्छ पद्धति अपनाई और उत्पादों की गुणवत्ता तथा बाजार की जरूरतों पर विशेष ध्यान दिया.
मंजू सिंह ने मीडिया को बताया कि साल 2025 में इस पहल की शुरुआत हुई. मार्च 2025 में छिंदवाड़ा में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महुआ के लड्डू और बिस्किट-कुकीज बनाने का काम व्यवस्थित रूप से शुरू किया गया. इसके बाद उत्पादों की गुणवत्ता और निर्माण कौशल को बेहतर बनाने के लिए भोपाल तथा जगदलपुर में भी प्रशिक्षण और अनुभव प्राप्त किया गया. 21 से 24 सितंबर तक महिमा उत्पादक समूह की महिलाओं ने जगदलपुर, बस्तर का भ्रमण कर महुआ उत्पादों की गुणवत्ता संवर्धन एवं निर्माण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की. वहीं भोपाल स्थित बी एंड बी बेकरी एवं बेकिंग अकादमी में सितंबर 2025 में चार तथा 16 एवं 17 सितंबर 2026 को छह महिलाओं ने प्रशिक्षण लिया.
महिमा उत्पादक समूह में 15 महिलाएं कार्य कर रही हैं. समूह की सभी महिलाओं की मासिक आय लगभग 10 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गई है. पिछले छह महीनों में समूह ने लगभग 21 क्विंटल महुआ के लड्डू और 2 क्विंटल महुआ बिस्किट तैयार कर उनकी बिक्री की है. उत्पादों की नियमित बिक्री जारी है. प्रशिक्षण से उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और बेहतर बाजार उपलब्ध होने से महिलाओं की आमदनी में वृद्धि हुई है. मंजू सिंह बताती हैं कि इस काम ने महिलाओं को आर्थिक मजबूती के साथ आत्मनिर्भर बनने का विश्वास दिया है. अब महिलाएं अपने उत्पादों को लेकर बाजार तक पहुंच रही हैं और अपनी पहचान बना रही हैं.
सीधी विकासखंड के ग्राम बरमबाबा का गौरी स्व-सहायता समूह महिला उद्यमिता का एक और प्रेरक उदाहरण है. समूह की संचालिका शिवकली साहू के नेतृत्व में वर्ष 2024 से महुआ के लड्डू बनाने का कार्य शुरू किया गया. समूह में 10 महिलाएं शामिल हैं. इन महिलाओं ने महुआ के पारंपरिक उपयोग को एक नई दिशा देते हुए उससे खाद्य उत्पाद तैयार करने और बाजार में बिक्री की शुरुआत की. शिवकली साहू बताती हैं कि पहले कई जगह महुआ से पहले शराब बनती थी, लेकिन अब इसी महुआ से लड्डू जैसे खाद्य उत्पाद तैयार कर महिलाओं की आजीविका का साधन बनाया जा रहा है. समूह की सभी 10 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं.
महिमा उत्पादक समूह गजरी की मंजू सिंह और गौरी स्व-सहायता समूह बरमबाबा की शिवकली साहू जैसी महिलाओं ने यह साबित किया है कि उचित प्रशिक्षण, सामूहिक प्रयास और बाजार से जुड़ाव मिलने पर गांव की महिलाएं सफल उद्यमी बन सकती हैं. महुआ के लड्डू और कुकीज के माध्यम से उन्होंने जंगल की उपज को आर्थिक समृद्धि के अवसर में बदलने का रास्ता दिखाया है. महुआ की मिठास अब केवल लड्डुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई मिठास घोल दी है.