एग्रीवेट: केंद्र सरकार ने गेहूं समेत 6 फसलों के समर्थन मूल्य यानी एमएसपी को बढ़ाने की घोषणा कर दी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल मार्केटिंग सीजन 2027-28 के लिए 6 फसलों के दाम को बढ़ा दिया है. गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 25 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है. गेहूं के लिए अब किसानों को 2610 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे. इसी तरह चना, सरसों, मसूर, कुसुम और जौ का एमएसपी बढ़ाया है.
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मार्केटिंग सीजन 2027-28 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में 25 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि को मंजूरी दे दी है. इसके साथ गेहूं का एमएसपी बढ़कर 2,610 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है. पिछले मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए गेहूं का एमएसपी 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था.
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में रबी फसलों के समर्थन मूल्य पर आधिकारिक मुहर लगने के बाद घोषणा कर दी गई है. केंद्र सरकार की ओर से अलग-अलग फसलों के लिए नए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी तय किया गया है.
गेहूं का एमएसपी 2,610 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है। इसकी अनुमानित उत्पादन लागत 1,264 रुपये प्रति क्विंटल है, यानी लागत पर 106 फीसदी का मार्जिन है। जौ का एमएसपी 2,286 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि उत्पादन लागत 1,447 रुपये है और लागत पर 58 फीसदी मार्जिन है। चने का एमएसपी 5,958 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसकी उत्पादन लागत 3,751 रुपये है और मार्जिन 59 फीसदी है।
मसूर का एमएसपी 7,390 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि इसकी अनुमानित उत्पादन लागत 3,854 रुपये है और लागत पर 92 फीसदी मार्जिन है। रेपसीड और सरसों का एमएसपी 6,613 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसकी उत्पादन लागत 3,367 रुपये और मार्जिन 96 फीसदी है। वहीं कुसुम का एमएसपी 7,215 रुपये प्रति क्विंटल है और इसकी अनुमानित उत्पादन लागत 4,810 रुपये है, यानी लागत पर 50 फीसदी मार्जिन दिया गया है।