एग्रीवेट: किसान मजदूरों के हितों की अनदेखी किए जाने पर किसान मजदूर मोर्चा (KMM) ने पंजाब में 17 सितंबर गुरुवार को पांच जगहों पर रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया है. किसान मजदूर मोर्चा के नेताओं ने अमृतसर में कहा कि तीन दिन से लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार का उदासीन रवैया जारी है. किसान नेताओं ने कहा कि 9 मंत्रियों के आवासों पर सड़क पर उतरकर जमकर हंगामा और कड़ा विरोध प्रदर्शन किया गया है. किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब की बैठक 16 सितंबर को किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के मुख्य कार्यालय चाब्बा में हुई. किसान नेताओं ने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा पिछले तीन दिनों से पंजाब सरकार के नौ मंत्रियों के घरों के सामने अपने अधिकारों और मांगों को लेकर मोर्चा लगाकर बैठा है, लेकिन सरकार की ओर से किसानों-मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मोर्चा की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र और मांग पत्र भेजकर मांगों के समाधान के लिए सरकार के साथ बैठकर बातचीत करने की मांग की गई थी, लेकिन सरकार की ओर से इस संबंध में कोई गंभीर पहल नहीं की गई. किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार के इस रवैये को देखते हुए किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब ने सरकार को 17 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक का समय दिया है कि सरकार किसानों और मजदूरों की मांगों का ठोस समाधान निकाले. यदि सरकार की ओर से इस समय तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे पंजाब की पांच जगहों पर रेल यातायात रोका जाएगा. उन्होंने बताया कि रेल रोको कार्यक्रम अमृतसर के देवीदासपुरा, संगरूर-सुनाम, गुरदासपुर, मोगा और फिरोजपुर में किया जाएगा. किसान नेताओं ने कहा कि अगर इसके बावजूद भी पंजाब सरकार किसानों-मजदूरों की मांगों का हल नहीं करती है तो आने वाले दिनों में अन्य जगहों पर भी रेलवे ट्रैक को बाधित किया जाएगा और पक्के मोर्चे खोले जाएंगे. मोर्चा के नेताओं ने कहा कि 18 सितंबर 2026 को किसान मजदूर मोर्चा की अगली बैठक की जाएगी, जिसमें पंजाब सरकार के रवैये का जायजा लेते हुए अगले संघर्ष की रूपरेखा तय की जाएगी. नेताओं ने बताया कि आज पंजाब सरकार के मंत्रियों के घरों के सामने लगे मोर्चों में बड़ी संख्या में किसानों, मजदूरों और महिलाओं-बहनों का विशाल जुटान देखने को मिला. शाम के समय सभी मोर्चों पर किसानों, मजदूरों और महिलाओं-बहनों की ओर से रोष मार्च भी निकाले गए. अमृतसर में हरभजन सिंह ईटीओ के न्यू अमृतसर स्थित घर के सामने लगा मोर्चा अब देवीदासपुरा रेलवे ट्रैक के पास शिफ्ट कर दिया गया है. मोर्चा के नेताओं ने कहा कि सरकार को किसानों-मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज करने के बजाय मोर्चा से बातचीत करके मांगों का समाधान करना चाहिए.