आंध्र प्रदेश में दो चक्रवातों से भारी नुकसान, मुख्यमंत्री नायडू ने केंद्र से मांगी 4500 करोड़ रुपये की तत्‍काल मदद – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: आंध्र प्रदेश में एक सप्ताह के भीतर आए दो चक्रवातों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है. चक्रवात अर्नब और मुरासु से फसलों, बागवानी, बिजली और सड़क इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर को भारी नुकसान पहुंचा है. राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को केंद्र सरकार से 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की तत्काल आर्थिक सहायता मांगी है. राज्य सरकार के मुताबिक, दोनों चक्रवातों से कुल 4,906 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है.

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र को भेजे पत्र में बताया कि अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब से राज्य को कम से कम 4,563 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. उन्होंने केंद्र सरकार से इस राशि को तत्काल मंजूर करने का अनुरोध किया है, ताकि प्रभावित इलाकों में राहत और पुनर्वास कार्य शुरू किए जा सकें.

राज्य सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, अर्नब चक्रवात ने 16 जिलों के 781 गांवों को प्रभावित किया. इससे करीब 3 लाख हेक्टेयर कृषि फसलें और 13,600 हेक्टेयर बागवानी फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं. इसके अलावा, तूफान के कारण 29 हजार बिजली के खंभे और करीब 8 हजार किलोमीटर लंबी बिजली लाइनें भी बर्बाद हो गईं.

अर्नब के बाद आए भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु ने भी राज्य के कई जिलों में नुकसान पहुंचाया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस चक्रवात से करीब 343 करोड़ रुपये की क्षति हुई है. इसका असर सात जिलों के 465 गांवों में देखने को मिला. मुरासु के कारण लगभग 52,500 हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी फसलें बर्बाद हुई हैं.

दोनों चक्रवातों के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है. राज्य सरकार ने केंद्र से प्रभावित किसानों को राहत देने और बिजली, सड़क सहित अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाओं को जल्द बहाल करने के लिए अतिरिक्त मदद मांगी है.

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को फोन कर आंध्र प्रदेश में दोनों चक्रवातों के बाद की स्थिति की जानकारी ली. प्रधानमंत्री ने चक्रवात अर्नब और मुरासु से प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान के बारे में पूछा.

मुख्यमंत्री नायडू ने प्रधानमंत्री को बताया कि मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है. इसके अलावा, सड़कों, बिजली व्यवस्था और अन्य बुनियादी ढांचे पर भी व्यापक असर पड़ा है. उन्होंने प्रधानमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराने की अपील की.

मुख्यमंत्री पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से कई बार बातचीत कर राज्य में हुए नुकसान की जानकारी दे चुके हैं. अब उन्होंने केंद्र को औपचारिक रिपोर्ट भेजकर 4,563 करोड़ रुपये की तत्काल सहायता मांगी है. राज्य सरकार का कहना है कि लगातार दो चक्रवातों से प्रभावित जिलों में जनजीवन सामान्य करने, किसानों को राहत पहुंचाने और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए केंद्र की मदद जरूरी है. (पीटीआई)

Share This Article