देश के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, आइए जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम.. – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: दिल्ली-NCR समेत देश के कई राज्यों में मानसून ने फिर एक बार दस्तक दें दी है. इस दौरान पिछले 24 घंटों में दिल्ली, बिहार, तमिलनाडु, केरल और ओडिशा में भारी बारिश दर्ज की गई है. इसी बीच मौसम विभाग IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका जताई है, जिससे तापमान में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. आइए जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज.

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग IMD ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 10, 13 और 16 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की चेतावनी जारी की है. वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 16 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का अनुमान है. इसके साथ ही मैदानी इलाकों की बात करें तो हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 10 से 16 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.

मध्य भारत में भी मौसम की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 11 और 12 अक्टूबर तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 12 से 16 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है और इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 अक्टूबर को बिहार में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. बिहार में 10 और 11 अक्टूबर के साथ ही 15 और 16 अक्टूबर को भी बारिश हो सकती है. वहीं, झारखंड में 10 से 13 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. ओडिशा में 10 से 16 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.

पूर्वोत्तर भारत में गरज-चमक के साथ बारिश

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग IMD ने अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और मेघालय में 10 से 16 अक्टूबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बारिश गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है.

दक्षिण भारत में बारिश और आंधी का असर

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तटीय कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 से 16 अक्टूबर के दौरान बारिश होने की संभावना जताई है. इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 से 12 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.

Share This Article