एग्रीवेट: Azadpur Mandi Delhi : एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडी आजादपुर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया है और इस दौरान भारी मात्रा में फल, सब्जियां जब्त की गई हैं. उप सचिव ने कहा कि 4 क्विंटल जब्त फल और सब्जियों को जहांगीरपुरी अनाथालय को सौंप दिया गया है. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निरीक्षण अभियान आने वाले दिनों में भी चलता रहेगा. अगर फिर भी अतिक्रमण मिला तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फल और सब्जी मंडी आजादपुर के उप सचिव की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मंडी को पूरी तरह से व्यवस्थित करने, व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने और परिसर में बार-बार लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कृषि उपज विपणन समिति प्रशासन की ओर व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. मंडी में सुचारू यातायात बहाल करने के उद्देश्य से आज सुबह एपीएमसी आजादपुर के प्रवर्तन शाखा, वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त टीम ने मंडी के संवेदनशील हिस्सों में सघन अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अवैध कब्जों को पूरी तरह से हटाकर मार्गों को साफ कराया गया.
पिछले अभियान के बाद भी मंडी प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ अनाधिकृत वेंडरों और स्थानीय दुकानदारों द्वारा मंडी के मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से फल-सब्जियों और अन्य सामानों को फैलाकर रास्तों को दोबारा बाधित किया जा रहा है. इस भारी अतिक्रमण के कारण मालवाहक ट्रकों, कमर्शियल वाहनों और पैदल खरीदारों को घंटों लंबे जाम का सामना करना पड़ रहा था.
सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए एपीएमसी प्रशासन ने इस कार्रवाई के दौरान जब्त की गई भारी मात्रा में ताजी फल-सब्जियों को नष्ट करने के बजाय सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया . इसके तहत जब्त की गई सभी खाद्य सामग्रियां आधिकारिक तौर पर जहांगीरपुरी (दिल्ली) स्थित महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के प्रोजेक्ट प्रयास चिल्ड्रन्स होम फॉर बॉयज को तुरंत सुपुर्द कर दी गईं, ताकि वहां रह रहे बच्चों के दैनिक भोजन में इसका सदुपयोग हो सके.
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कुल 3.85 क्विंटल फल और सब्जियां जब्त कीं. इममें सीताफल 60 किलोग्राम, पपीता 30 किलोग्राम, आलू 40 किलोग्राम, मूली 50 किलोग्राम, भिंडी 80 किलोग्राम, चीकू 40 किलोग्राम, करेला 15 किलोग्राम, परवल 10 किलोग्राम, आंवला 25 ग्राम, टमाटर 50 किलोग्राम, अदरक 10 किलोग्राम शामिल थे.
मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटते ही आजादपुर मंडी परिसर के भीतर वाहनों और स्थानीय लोगों की आवाजाही तुरंत सामान्य और सुगम हो गई है, जिससे पंजीकृत व्यापारियों और आढ़तियों ने राहत की सांस ली है. एपीएमसी आजादपुर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मंडी की सड़कों या सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या गंदगी फैलाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह औचक निरीक्षण और अतिक्रमण हटाओ अभियान आने वाले दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा. यदि भविष्य में किसी भी वेंडर या दुकानदार द्वारा दोबारा अतिक्रमण का प्रयास किया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारी आर्थिक जुर्माना लगाने के साथ-साथ सख्त कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी (प्राथमिकी (एफआईआर)) भी दर्ज कराई जाएगी.