मौसम का फिर बदला मिजाज! दिल्ली में गर्मी तो यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश के आसार – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: अक्टूबर की शुरुआत के साथ देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. राजधानी दिल्ली में जहां मौसम साफ और गर्म रहने का अनुमान है, वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में भी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में मौसम की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

5 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. दिन में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि रात में तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. राजधानी में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी और इनकी रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. दोपहर में हवा की गति बढ़कर 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. शाम के बाद हवाएं कुछ धीमी हो सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में बारिश की संभावना है. पूर्वी यूपी में 5 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी यूपी में 6 से 10 अक्टूबर के दौरान भी कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. बिहार में 5 से 9 अक्टूबर के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने जैसी स्थिति भी बन सकती है. खासकर 6 अक्टूबर को लोगों को मौसम को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है.

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 5 से 7 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 6 से 8 अक्टूबर तथा 10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 6 से 8 अक्टूबर के बीच तेज हवाओं, बिजली और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है.

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं. पूर्वी मध्य प्रदेश में 7 से 9 अक्टूबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 9-10 अक्टूबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 6 से 10 अक्टूबर तक बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. पूर्वोत्तर राज्यों में भी 10 अक्टूबर तक मौसम सक्रिय रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में भी कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है.

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी मौसम बदलने वाला है. आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक और तमिलनाडु समेत कई इलाकों में 5 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है. केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 8 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 5 और 6 अक्टूबर को भारी बारिश भी हो सकती है. ऐसे में बारिश और तेज हवाओं वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

Share This Article