एग्रीवेट: 01 अक्टूबर 2026, आलीराजपुर: आलीराजपुर: प्राकृतिक खेती अपनाकर खेती की लागत घटा रहे महेश माली, हो रही अतिरिक्त बचत – मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के ग्राम छोटा खुटाजा निवासी महेश माली ने बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा किसानों को आर्थिक सहायता के साथ आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। प्राकृतिक खेती के अंतर्गत जैविक खाद, जैविक बीज एवं अन्य उपयोगी सामग्री के संबंध में जानकारी प्राप्त होने के बाद उन्होंने अपने घर पर ही जैविक खाद तैयार करना प्रारंभ किया।
किसान माली ने बताया कि उनके द्वारा तैयार जैविक खाद का उपयोग टमाटर, मिर्ची एवं फूलों की खेती में किया जा रहा है। इससे फसलों में रासायनिक खाद के उपयोग पर उनकी निर्भरता कम हुई है। साथ ही, बाजार से खाद एवं अन्य कृषि सामग्री खरीदने में होने वाले खर्च में भी कमी आई है। घर पर जैविक खाद तैयार करने से खेती की लागत कम हुई और उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बचत प्राप्त होने लगी।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ खेती में होने वाले अनावश्यक खर्चों को भी कम किया जा सकता है। शासन की योजनाओं एवं कृषि विभाग से प्राप्त मार्गदर्शन से उन्हें प्राकृतिक खेती अपनाने में सहायता मिली है। महेश माली ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।