30 सितंबर को कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-राजस्थान में मौसम का दिखेगा अलग रूप

Team Agrivate
5 Min Read
30 सितंबर को कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-राजस्थान में मौसम का दिखेगा अलग रूप

एग्रीवेट: देश में बुधवार को मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है. दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी हिस्सों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मंगलवार के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 सितंबर को पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिणी प्रायद्वीप के कई हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, कर्नाटक के कुछ हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है.

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. साथ ही केरल और माहे में भी कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना  है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक, 1 से 5 अक्टूबर तक केरल और माहे में कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. वहीं, 1 और 2 अक्टूबर को तटीय कर्नाटक में भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. आईएमडी का कहना है कि पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है. यहां कई जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर को असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इन राज्यों में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश का भी अनुमान है.

IMD के अगले कुछ दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत तक पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश जारी रह सकती है. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में बारिश की तीव्रता और इसका दायरा अलग-अलग रहने की संभावना है. देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में 30 सितंबर को मौसम ज्यादातर साफ और सूखा रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलावा पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अनुमान नहीं है. हालांकि, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29-30 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद इन इलाकों में भी मौसम ज्यादातर शुष्क रहने की संभावना है.

देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय कई मौसमी सिस्टम  की वजह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, म्यांमार के तट और उससे लगे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डिप्रेशन मंगलवार को तेजी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा था. इसके 29 सितंबर को कमजोर होकर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान था. IMD के अनुसार, यह सिस्टम आगे दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश और उससे सटे पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ता रहेगा.

Share This Article