बैतूल: सोयाबीन में पीला मोजेक रोग की स्थिति का संयुक्त दल 28 सितंबर से करेगा मैदानी निरीक्षण – एग्रीवेट

Team Agrivate
3 Min Read

एग्रीवेट: 29 सितंबर 2026, बैतूल: बैतूल: सोयाबीन में पीला मोजेक रोग की स्थिति का संयुक्त दल 28 सितंबर से करेगा मैदानी निरीक्षण- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग से फसल प्रभावित होने की प्राप्त सूचनाओं के मद्देनजर फसल की वास्तविक स्थिति का मैदानी स्तर पर परीक्षण एवं प्राथमिक आंकलन किया जाएगा। इसके लिए कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने संयुक्त निरीक्षण दल का गठन किया है।

संयुक्त दल में कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं ग्राम सचिव को शामिल किया गया है। दल द्वारा 28 सितंबर से प्रभावित क्षेत्रों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग की वास्तविक स्थिति, प्रभावित क्षेत्रफल तथा फसल की स्थिति का ग्रामवार आंकलन किया जाएगा।

दल द्वारा प्रभावित ग्रामों का मौके पर निरीक्षण कर सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही प्रभावित फसल एवं प्रभावित क्षेत्रफल का ग्रामवार आंकलन करना , किसानों से प्राप्त शिकायतों/सूचनाओं का स्थल पर सत्यापन करना, फसल की स्थिति एवं संभावित क्षति का प्रारंभिक आंकलन कर आवश्यक अभिलेख/पंचनामा तैयार करना, निरीक्षण के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं आंकड़ों की संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय में प्रस्तुत करना, रोग की रोकथाम एवं किसानों को आवश्यक तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article