एग्रीवेट: 02 नवंबर 2026, आलीराजपुर: आलीराजपुर: किसान ने बदला खेती का तरीका, चीकू-अमरूद-नारियल के साथ कर रहे फूलों की खेती, अच्छी कमाई की उम्मीद – मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में किसान अब पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी और बहुफसली खेती को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर नीतू माथुर ने किसान भावला पिता बुटिया के खेत और फलोद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान किसान ने उन्हें अपनी खेती के अनुभव और नवाचारों की जानकारी दी।
किसान भावला ने बताया कि पहले वे पारंपरिक तरीके से खेती करते थे, लेकिन कृषि और उद्यानिकी विभाग के संपर्क में आने के बाद उन्होंने खेती का तरीका बदला और बहुफसली खेती अपनाई। वर्तमान में उनके खेत में चीकू, अमरूद और नारियल के पौधों के साथ फूलों की खेती भी की जा रही है। किसान ने बताया कि पिछले साल पपीते की खेती से उन्हें अच्छी आमदनी हुई थी। इस साल उन्होंने गेंदे के फूलों की खेती की है। दीपावली के आसपास गेंदे के फूलों की मांग और कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए उन्हें इस बार पिछले साल से अधिक कमाई होने की उम्मीद है।
इंदौर के तीन किसान ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी पुरस्कार से हुए सम्मानित—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट
कलेक्टर नीतू माथुर ने किसान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उद्यानिकी और बहुफसली खेती के माध्यम से किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। इस तरह के नवाचार दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने किसानों से खेती में नए तरीकों और उपलब्ध कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजस्व मनोज गरवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।