यूपी में 8 फीसदी ज्यादा बारिश, 19 जिलों में अब भी कमी.. खरीफ फसलों पर दोहरी मार का खतरा – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश में इस मॉनसून सीजन में 27 सितंबर तक सामान्य से करीब 8 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है. हालांकि, पूरे राज्य के आंकड़े के पीछे बारिश की एक अलग तस्वीर भी सामने आ रही है. राज्य के 75 में से 19 जिलों में अब भी सामान्य से कम या बहुत कम बारिश दर्ज की गई है. मॉनसून सीजन खत्म होने के करीब है, ऐसे में इन जिलों में बारिश की कमी कृषि के लिए चिंता का कारण बनी हुई है. वहीं, एक्सपर्ट का कहना है कि ज्यादा बारिश से जलभराव वाले खेतों में धान, दलहन, तिलहन और मोटे अनाज की फसलों को नुकसान हो सकता है. वहीं, करीब 20 जिलों में मॉनसून की कमी से भी फसलों की पैदावार और उत्पादकता प्रभावित होने की आशंका है.

कृषि विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक 797.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 739.8 मिमी है. इस तरह बारिश सामान्य से 7.7 फीसदी ज्यादा रही है. हालांकि, राज्य के औसत आंकड़े अलग-अलग जिलों की स्थिति नहीं बताते. 26 जिलों में सामान्य से 120 फीसदी से ज्यादा बारिश हुई है, जबकि 19 जिलों में सामान्य की 80 फीसद से भी कम बारिश दर्ज की गई है.

हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, शामली, देवरिया, गाजियाबाद और कुशीनगर में सामान्य बारिश की 40 फीसद से भी कम बारिश हुई है. इन जिलों में किसानों को मिट्टी में पर्याप्त नमी नहीं मिलने की समस्या बनी हुई है. वहीं, पिछले तीन दिनों में कई जिलों में ज्यादा बारिश से जलभराव की स्थिति बनी है. इससे खेतों में खड़ी और पक चुकी फसलों को नुकसान का खतरा है. धान समेत खरीफ फसलें अब कटाई के चरण में पहुंच रही हैं.

बारिश की कमी और ज्यादा बारिश, दोनों का खरीफ फसलों की पैदावार पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा, बारिश का असमान पैटर्न अगले महीने शुरू होने वाली रबी फसलों की बुवाई को भी प्रभावित कर सकता है. खास बात यह है कि उत्तर प्रदेश में मॉनसून की बारिश का असर अलग-अलग जिलों में अलग रहा है. पश्चिमी यूपी के शामली में सामान्य की सिर्फ 31.8 फीसदी बारिश हुई है. वहीं, पूर्वी यूपी के देवरिया में 32 फीसदी बारिश दर्ज की गई है. वहीं, गाजियाबाद में सामान्य की 36.4 फीसदी और कुशीनगर में 39.6 फीसदी बारिश हुई है. इसके अलावा भदोही, जौनपुर, कानपुर देहात, हापुड़, मऊ, पीलीभीत, अलीगढ़ और मथुरा में सामान्य की 40 फीसदी से 60 फीसदी तक बारिश हुई है.

सिद्धार्थनगर, मैनपुरी, गौतम बुद्ध नगर, सहारनपुर, कौशांबी, अमेठी और संत कबीर नगर में सामान्य की 60  फीसदी से ज्यादा, लेकिन 80 फीसद तक बारिश हुई है. वहीं, संभल में सामान्य से 195 फीसद ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. महोबा में 191.2 फीसद, हमीरपुर में 186.4 फीसद, कानपुर नगर में 178 फीसदी, बांदा में 177.3 फीसदी और चित्रकूट में 174.8 फीसदी बारिश हुई है.

Share This Article