एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारों में कानून व्यवस्था का बुरा हाल था. अगर कोई भैंसागाड़ी से जा रहा होता और उतरकर चाय पीने जाता और लौटकर उसे भैंसा गायब मिलता और गाड़ी बचती थी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं और अब कानून का राज है, चोरी का तो सवाल ही नहीं उठता. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अब तक 86 लाख किसानों का कर्ज माफ किया है और 9 साल में 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना किसानों को भुगतान किया है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में संबोधन में प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि 2017 से पहले की तुलना में कानून व्यवस्था बेहतर है और किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं. किसानों की समस्याओं से निपटने के पूर्ववर्ती सरकारों के तरीकों पर निशाना साधते हुए कहा कि छोटे एवं सीमांत किसानों की उपेक्षा की जाती थी. 2017 में उनकी सरकार के आने के बाद सबसे पहले 86 लाख किसानों का 36,000 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया.
मुख्यमंत्री ने यह दावा भी किया कि सिंचाई परियोजनाएं दशकों तक लंबित रहीं. सरयू नहर परियोजना को पूरा होने में करीब 50 वर्ष लग गए. उन्होंने कहा कि इसके अलावा अर्जुन सहायक परियोजना, बाणसागर परियोजना और मध्य गंगा नहर परियोजना भी लंबे समय से लंबित थीं. उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर भूमि के लिए सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं.
गन्ना भुगतान को लेकर आदित्यनाथ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों को उनके गन्ने के बकाये का भुगतान कराने के लिए वर्षों प्रतीक्षा कराई और 29 चीनी मिलें बंद हो गईं. उन्होंने कहा कि इसके उलट, उनकी सरकार वर्तमान में 122 चीनी मिलें चला रही है और इनमें से 100 से अधिक मिलें चार दिनों के भीतर गन्ना बकाए का भुगतान कर रही हैं. 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना भुगतान पिछले नौ वर्षों में किया गया है.
मुख्यमंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक कर्फ्यू लगता था, दंगे होते थे और अराजकता का माहौल था और यहां तक कि टैक्सी और तिपहिया वाहन के ड्राइवर भी आपराधिक तत्वों से घबराते थे. सीएम ने कहा कि दोपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों को तो छोड़ दें, यदि कभी कोई भैंसा गाड़ी पर यात्रा कर रहा होता और चाय पीने नीचे उतरता तो लौटकर आने पर केवल गाड़ी खड़ी मिलती और भैंसा गायब हो जाता. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कहीं कोई कर्फ्यू नहीं है, कहीं कोई दंगे नहीं है और कहीं चोरी नहीं होती क्योंकि हमने 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं.
विगत साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई… pic.twitter.com/zGZAsn3pTe
— मुख्यमंत्री Office, GoUP (@CMOfficeUP) September 23, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान को सुविधाएं देने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है. इसके लिए किसान को उपज का बेहतर दाम मिले, वैल्यू एडीशन की सुविधा हो, बाजार के साथ किसान जोड़ने की तैयारी की जा रही है. इसके अलावा पैक हाउस बनाने, फूड प्रॉसेसिंग यूनिट लगाने और FPOs के गठन किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्रों (Krishi Vigyan Kendra) से तकनीकी सपोर्ट उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज परिणाम हम सबके सामने है. यूपी, जो विपन्न था, आज समृद्ध हुआ है.