mal Care: पशुओं को ठंड से बचाना है? सर्दियां बढ़ने से पहले कर लें ये जरूरी इंतजाम – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Winter mal Care: सर्दियों की शुरुआत के साथ पशुपालकों को अपने पशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. ठंडी हवाएं, गीला फर्श और असंतुलित खानपान पशुओं की परेशानी बढ़ा सकते हैं. समय रहते पशुशाला की मरम्मत, सूखे बिछावन और पर्याप्त चारे की व्यवस्था करना जरूरी है. कृषि विज्ञान केंद्र, नोएडा के पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम के अनुसार, सर्दियों में पशुओं के रहने की जगह और पोषण का ध्यान रखकर उन्हें ठंड से बचाने में मदद मिल सकती है. खासकर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए.

कृषि विज्ञान केंद्र, नोएडा के पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम के अनुसार,  सर्दियों में पशुओं  को खुले आसमान के नीचे रखने से बचें. पशुशाला की टूटी दीवारों, छत और दरवाजों की मरम्मत पहले ही करा लें. ऐसी व्यवस्था करें कि ठंडी हवा सीधे पशुओं तक नहीं पहुंचे. रात में खुले हिस्सों पर बोरी, टाट या पर्दे लगाए जा सकते हैं. हालांकि, पशुशाला को पूरी तरह बंद करना ठीक नहीं है. अंदर ताजी हवा आने और नमी बाहर निकलने का रास्ता बना रहना चाहिए. इससे पशुओं को साफ और आरामदायक वातावरण मिलेगा.

पशुओं को सीधे ठंडी या गीली जमीन पर बैठने और लेटने से बचाना चाहिए. इसके लिए फर्श पर सूखा भूसा, पुआल या दूसरी उपयुक्त सूखी सामग्री बिछाएं. बिछावन इतना हो कि पशु आराम से बैठ  सकें. गीला या गंदा बिछावन नियमित रूप से बदलें. पशुशाला में पानी जमा नहीं होने दें और निकासी की व्यवस्था रखें. साफ-सफाई के साथ सूखापन बनाए रखने से पशुओं को ठंडे फर्श के संपर्क से होने वाली परेशानी कम होगी.

ठंड के मौसम में पशुओं  को पर्याप्त और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना जरूरी है. उनके आहार में हरे चारे, सूखे चारे और संतुलित पशु आहार का उचित तालमेल रखें. भोजन की मात्रा पशु की उम्र, वजन और दूध उत्पादन जैसी जरूरतों के अनुसार तय होनी चाहिए. आहार में बदलाव करने या अतिरिक्त पूरक देने से पहले पशु चिकित्सक से सलाह लें. साफ पानी उपलब्ध रखें और चारे को गीला या खराब होने से बचाएं.

तापमान गिरने से पहले गर्माहट की सुरक्षित व्यवस्था कर लें. यदि अलाव जलाएं, तो उसे पशुओं, पुआल और बिछावन से दूर रखें. आग को बिना निगरानी नहीं छोड़ें और धुआं अंदर जमा नहीं होने दें. पशु सुस्त दिखें, कांपें या खाना कम खाएं तो पशु चिकित्सक से संपर्क करें.

Share This Article