एग्रीवेट: 22 सितंबर 2026, टीकमगढ़: टीकमगढ़: कृषि अधिकारियों ने खेतों का किया निरीक्षण, उड़द से लेकर मूंगफली फसल का लिया जायजा – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा टीकमगढ़ जिले के विभिन्न ग्रामों में किसानों के खेतों और कृषि गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। भोपाल से आए अपर संचालक कृषि एवं बीज प्रमाणीकरण संस्था भोपाल के श्री रेवा सिंह सिसोदिया ने जतारा और पलेरा विकासखंड के गांवों का भ्रमण कर किसानों से चर्चा की और कृषि कार्यों का अवलोकन किया।
जतारा विकासखंड के ग्राम बेरवार में कृषक तुलसीदास प्रजापति के खेत पर दलहन आत्मनिर्भर मिशन के तहत लगाए गए उड़द समूह प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। यहां उड़द की आईपीयू-13-1 प्रजाति की फसल का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान फसल में अच्छी फलियां देखी गईं और औसत से अधिक उत्पादन की संभावना बताई गई।
इसके बाद अपर संचालक कृषि श्री सिसोदिया और उपसंचालक कृषि टीकमगढ़ श्री मनोज कश्यप ने ग्राम लिधौरा ताल में कृषक बालचंद्र अहिरवार द्वारा संचालित पलक प्राकृतिक खेती बीआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। उपसंचालक कृषि ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जिले में 17 बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लिधौरा ताल का बीआरसी सेंटर नियमित रूप से संचालित हो रहा है। यहां जैव इनपुट के उत्पादन और वितरण की स्थिति संतोषजनक है। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध विभिन्न कृषि यंत्रों और संसाधनों का भी अवलोकन किया।
भ्रमण के अगले चरण में पलेरा विकासखंड के ग्राम दिनऊ में कृषक रमेश यादव के खेत पर मूंगफली फसल प्रदर्शन का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने फसल की स्थिति देखी और किसान से उत्पादन एवं कृषि तकनीक संबंधी जानकारी ली। इसके बाद ग्राम बेला में कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अंतर्गत संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने केंद्र में उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी ली और किसानों को यंत्रों के उचित संचालन एवं हैंडलिंग के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
भ्रमण के दौरान सहायक संचालक कृषि ए.के. शर्मा, श्रीमती प्रतिभा दुबे, एसएडीओ के.पी. अहिरवार, आशीष गुप्ता, दिलेश्वर, कृषि विस्तार अधिकारी चेतन, महेंद्र चौहान, प्रशांत गोस्वामी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।