एग्रीवेट: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि फसलों के उत्पादन आंकड़े पेश करते हुए कहा कि अल नीनो और सूखे पर किसानों का हौसला भारी पड़ा है. इसकी वजह से खरीफ सीजन में रिकॉर्ड उत्पादन दर्ज किया गया है. जबकि, गेहूं-चावल की बंपर उपज के साथ ही दलहन और तिलहन फसलों की उपज बढ़ाने पर सरकार का फोकस है. उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मॉनसून के बावजूद खरीफ फसलों का दमदार प्रदर्शन देखा गया है.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2025-26 के प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान तथा वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किया. उन्होंने कहा कि किसानों के परिश्रम और सरकार की नीतियों का परिणाम है कि भारत आज चावल, दलहन, जूट, मिलेट्स (मोटे अनाज) और मसालों के उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है. जहां 2025-26 में देश ने 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, वहीं अल नीनो और मॉनसून की देरी जैसी गंभीर मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न पैदावार का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है.
महाराष्ट्र में सूखे ने बिगाड़ा खरीफ का गणित, दलहन उत्पादन में 58 फीसदी गिरावट का अनुमान – एग्रीवेट
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज भारत न केवल अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि दुनिया के अन्न भंडार में भी बड़ा योगदान दे रहा है. वैश्विक कृषि रैंकिंग में भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज (मिलेट्स) और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि गेहूं, कपास, मूंगफली व फल-सब्जियों में चीन के बाद तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है. उन्होंने कहा कि हमारे पास चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार हैं. आज दुनिया में भारतीय चावल धूम मचा रहा है और इसके निर्यात में 5 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई है. अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के कोने-कोने में भारतीय बासमती की सुगंध फैल रही है.
केंद्रीय कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि चावल और गेहूं में सरप्लस स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान फसल विविधीकरण (Crop Diversification) तथा दलहन और तिलहन में देश को आत्मनिर्भर बनाने पर है. उन्होंने कहा कि देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है. इसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए ‘दलहन मिशन’ और ‘तिलहन मिशन’ के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अंतिम आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं.
वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि इस बार अल नीनो की वापसी, जून में मॉनसून की देरी (35% से 40% कम बारिश) और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने व सूखे की स्थिति से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई. इसके बावजूद किसानों के अदम्य साहस, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल (Climate-resilient) किस्मों की बदौलत कुल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख मीट्रिक टन (LMT) रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है.