एग्रीवेट: कृषि प्रधान राज्य बिहार में जहां आबादी का एक बड़ा हिस्सा खेती से जुड़ा हुआ है, वहीं इस प्रदेश में किसानों को कृषि लोन लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. हालांकि, राज्य के किसानों को संस्थागत कर्ज आसानी से मिल सके और कृषि क्षेत्र वित्तीय रूप से मजबूत हो, इस दिशा में बिहार सरकार सक्रिय दिख रही है. विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया कि 1 दिसंबर से जनसमर्थ पोर्टल और राज्य सरकार के ‘सहयोग’ कार्यक्रम को समन्वित रूप से लागू किया जाएगा. पायलट संचालन के तौर पर इसकी शुरुआत खगड़िया और भोजपुर जिलों में होगी.
बता दें कि पायलट के दौरान दोनों जिलों में सहयोग कार्यक्रम के शिविरों के साथ विशेष कृषि ऋण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, लोन आवेदन और बैंकिंग सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास होगा. पायलट फेज में प्रत्येक भाग लेने वाली बैंक शाखा से कम-से-कम एक किसान क्रेडिट कार्ड लोन की स्वीकृति का लक्ष्य रखा गया है.
यूपी के 96 चीनी मिलों में शुरू हुई पेराई, गन्ना किसानों को अब तक 552 करोड़ रुपये का हुआ भुगतान – एग्रीवेट
बिहार सरकार की ओर से किसानों की सुविधा के लिए जनसमर्थ पोर्टल और सहयोग कार्यक्रम के बीच तालमेल बनाते हुए कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म की व्यवस्था की गई है. यानी अब किसानों को अलग-अलग प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना होगा और न ही बार-बार दस्तावेज जमा करने होंगे. जनसमर्थ एक एकीकृत डिजिटल पोर्टल है, जिसके जरिए किसान अलग-अलग ऋण योजनाओं, विशेषकर किसान क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. वहीं, एग्रीस्टैक के अंतर्गत किसान रजिस्ट्री, भू-अभिलेख रजिस्ट्री और फसल बोआई संबंधी डिजिटल आंकड़ों के माध्यम से किसानों की पहचान, भूमि विवरण और कृषि गतिविधियों का वेरिफिकेशन किया जा सकेगा.
बिहार की किसान रजिस्ट्री में वर्तमान में कुल 54.71 लाख किसान रजिस्टर हैं. इनमें लगभग 35 लाख एकल भूमि धारक किसान हैं. जनसमर्थ की वर्तमान पात्रता व्यवस्था के अनुसार लगभग 16 लाख किसानों को प्रारंभिक रूप से लोन के लिए पात्र चिह्नित किया गया है. फिलहाल पोर्टल पर एकल भूमि धारक किसानों के लिए ऋण आवेदन की सुविधा उपलब्ध है. वहीं, किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 2 लाख रुपये तक बिना जमानत ऋण की सुविधा को पात्र किसानों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया है. वर्तमान व्यवस्था में 2 लाख रुपये तक के लोन की प्रक्रिया उपलब्ध है.
सरकार की ओर से जनसमर्थ के किसान क्रेडिट कार्ड मॉड्यूल से 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एकीकृत हैं. इनमें भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं. हालांकि, बिहार में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया प्रमुख सरकारी बैंक हैं, जिनकी शाखाओं की सक्रिय भागीदारी इस पहल को लागू कराने में महत्वपूर्ण होगी.