कृषि विकास दर ऐतिहासिक स्तर पर, हरित क्रांति के दौर से भी आगे निकला भारत का कृषि क्षेत्र – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: देश के कृषि विकास दर में तेज बढ़त को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐतिहासिक बताया है. उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत के बल पर देश का कृषि क्षेत्र हरित क्रांति के दौर से भी आगे निकल गया है. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (​icar) के नवाचारों ने किसानों की आय बढ़ाई है और 1 रुपये के निवेश पर किसानों को 13.85 रुपये का आर्थिक लाभ पहुंचा है. उन्होंने कहा कि ​लखपति दीदी, पक्के आवास, ग्रामीण सड़कें, विकसित भारत-जीरामजी ने गांव-गरीब की तस्वीर को बदल दिया है. गरीबी खत्म करने में कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय की योजनाओं ने अहम भूमिका निभाई है.

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है. वर्ल्ड बैंक की हालिया रिपोर्ट के अनुसार देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं और अत्यंत गरीबी की दर 27.1 प्रतिशत से घटकर मात्र 2.6 प्रतिशत रह गई है. कहा कि कहने को 50 करोड़ का आंकड़ा आसान लगता है, लेकिन यदि हम तुलना करें तो अमेरिका की कुल आबादी लगभग 30 करोड़ है और पूरे यूरोप की आबादी भी मिला दें तो शायद 50 करोड़ न हो. इतने विशाल जनसमूह का गरीबी की रेखा से ऊपर उठना एक ऐतिहासिक घटना है.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में चमत्कार जैसा काम हुआ है. हरित क्रांति के दौर में भी कृषि विकास दर 3 से 3.5 फीसदी के आसपास रहती थी, लेकिन आज भारत की दशकीय कृषि विकास दर 4.45 फीसदी के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है. ​पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत 4.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सीधी सहायता, रिकॉर्ड 376.56 मिलियन टन खाद्यान्न और 386.91 मिलियन टन बागवानी उत्पादन, सस्ता कृषि ऋण, फसल बीमा, प्राकृतिक खेती, 10,000 एफपीओ और एग्रीस्टैक जैसी डिजिटल पहलों ने किसानों की आय बढ़ाई है. वैज्ञानिक नवाचारों से कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा में निवेश किए गए प्रत्येक 1 रुपये पर 13.85 रुपये का और पशुपालन शोध में 20.81 रुपये का आर्थिक लाभ मिला है.

​ग्रामीण विकास विभाग के तहत दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया और अब तक 3.76 करोड़ ‘लखपति दीदियां’ बनी हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 3.99 करोड़ पक्के घर बने. पीएम ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से 7.99 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछा. विकसित भारत-जीरामजी (VB-G RAM G) से अब 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिल रही है. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलग्रहण विकास घटक (WDC-PMKSY) के माध्यम से जल संरक्षण और भूमि सुधार के कार्यों से 3.40 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र को सुधारा गया है. इससे 61.15 लाख किसानों को सीधा लाभ मिला, सिंचित क्षेत्र व दुग्ध उत्पादन बढ़ा और किसानों की औसत सालाना आमदनी में 70 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

Share This Article