एग्रीवेट: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचलों की तस्वीर तेजी से बदल रही है. गांवों की महिलाएं अब केवल परिवार की आर्थिक व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कारोबार की कमान थामकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नई ताकत बन रही हैं. उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय उत्पादों को ब्रांड पहचान दिलाने से लेकर डेयरी कारोबार, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल वित्तीय लेनदेन और स्वरोजगार तक में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करा रही हैं.
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 11.97 लाख स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 1.39 करोड़ परिवारों को आजीविका से लाभ मिला है. वहीं, बीसी सखियों के माध्यम से 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन कर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग का विस्तार किया गया है. इस पहल से बीसी सखियों ने 134 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ भी अर्जित किया है.
Weather Update: पुरवा हवाओं के कारण इन राज्यों में भारी बारिश! यूपी-बिहार समेत कई प्रदेशों में कोहरे का अलर्ट – एग्रीवेट
ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता का एक बड़ा उदाहरण प्रदेश का महिला नेतृत्व वाला डेयरी मॉडल है. प्रदेश के 31 जिलों में चार लाख से अधिक महिलाएं दुग्ध उत्पादन और संग्रहण से जुड़ी हैं. ये महिलाएं प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह कर रही हैं. इस व्यवस्था से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं.
इस मॉडल की खासियत यह है कि महिलाएं अब केवल पशुपालन और दूध उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूध के संग्रह, गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान तक की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं. दूध की मात्रा और फैट की जांच डिजिटल मशीनों से की जा रही है. मोबाइल एप के माध्यम से दूध का रिकॉर्ड, उसकी गुणवत्ता, कीमत और भुगतान की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो रही है. इससे कारोबार में पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिली है. महिलाओं को अपने उत्पाद का मूल्य और भुगतान संबंधी जानकारी भी आसानी से मिल रही है.
ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाओं के विस्तार में बीसी सखियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. प्रदेश में 40 हजार से अधिक बीसी सखियां सक्रिय रूप से काम कर रही हैं, जबकि 51 हजार से अधिक बीसी सखियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है. 40,048 बीसी सखियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग और डिजिटल भुगतान सेवाओं का विस्तार किया गया है.
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का हुनर अब स्थानीय उत्पादों के ब्रांड के रूप में पहचान बना रहा है. मिर्जापुर में ‘विंध्य प्रेरणा’ ब्रांड के तहत साड़ियां, सत्तू, सरसों का तेल और चना तैयार कर बाजार में उतारे जा रहे हैं. सोनभद्र में ‘सोन प्रेरणा’ ब्रांड के अंतर्गत वन शहद, अगरबत्ती और बकरी के दूध से बने साबुन जैसे उत्पाद महिलाओं की उद्यमशीलता को नई पहचान दे रहे हैं.
वाराणसी में ‘काशी प्रेरणा’ ब्रांड के तहत धूप और बंधनवार तैयार किए जा रहे हैं. ये उत्पाद काशी की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय शिल्पकला को महिला सशक्तीकरण से जोड़ रहे हैं. बुलंदशहर में खुर्जा पॉटरी के दीये और मोमबत्ती स्टैंड तैयार किए जा रहे हैं. सहारनपुर में महिलाएं लालटेन, लकड़ी की ट्रे और नक्काशीदार दर्पण बना रही हैं, जबकि संभल में लकड़ी की ट्रे का निर्माण किया जा रहा है. फिरोजाबाद में कांच के उत्पाद और दीये तथा लखनऊ में चिकनकारी सूट महिलाओं के कारोबार का आधार बन रहे हैं.
इन उत्पादों के माध्यम से स्थानीय कला और पारंपरिक शिल्प को नया बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। संगठित ब्रांडिंग और विपणन के जरिए इन्हें व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में काम हो रहा है. इससे महिलाओं को अपने हुनर का बेहतर आर्थिक लाभ मिलने के साथ क्षेत्रीय उत्पादों को भी नई पहचान मिल रही है.
दरअसल, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार की ओर से वित्तीय सहायता के साथ सामुदायिक निवेश को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. पिछले नौ वर्षों में 7.87 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड के रूप में 1,393 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है. वहीं, 7.07 लाख से अधिक समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के रूप में 8,659 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है. इस आर्थिक सहयोग से महिलाएं छोटे कारोबार, कृषि आधारित गतिविधियों, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के निर्माण में निवेश कर पा रही हैं.
Rice Export: चावल निर्यात पर बड़े एक्शन की तैयारी में सरकार, महंगाई के बीच उठा सकती है ये कदम
गोकुल के दूध खरीद मूल्य में बढ़ोतरी से किसान नाखुश, बोले- चारे के खर्च के मुकाबले राहत नाकाफी