मराठवाड़ा में सूखे से गन्ने की खेती पर संकट, फिर भी 5 साल में 36 फीसदी बढ़ा रकबा – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त मराठवाड़ा क्षेत्र में गन्ने की खेती पर पानी की कमी का खतरा बढ़ता जा रहा है. बारिश कम होने से फसल उत्पादन, किसानों की आमदनी और चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ने की आशंका है. पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में गन्ने की खेती का रकबा लगातार बढ़ा है, लेकिन अब पानी की कमी इसे मुश्किल बना रही है. ऐसे में किसानों को उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका सता रही है. हालांकि, सूखे के बावजूद महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गन्ने की खेती का रकबा पिछले पांच वर्षों में करीब 36 फीसदी बढ़ गया है.

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल मराठवाड़ा के कई इलाकों में बारिश सामान्य से काफी कम हुई है. बीड जिले में बारिश में 40 फीसदी की कमी दर्ज की गई है. कम बारिश और सूखे जैसे हालात के कारण गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा है. किसानों को अब उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका सता रही है. गन्ने की फसल को अच्छी पैदावार के लिए नियमित सिंचाई की जरूरत होती है. आमतौर पर इसकी सिंचाई करीब हर दो सप्ताह में करनी पड़ती है. ऐसे में जिन इलाकों में पहले से पानी की कमी है, वहां गन्ने की खेती करना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.

सूखे के बावजूद महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गन्ने की खेती का रकबा पिछले पांच वर्षों में करीब 36 फीसदी बढ़ गया है. महाराष्ट्र कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 2021-22 में यहां 2.8 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती होती थी, जो 2025-26 में बढ़कर 3.8 लाख हेक्टेयर हो गई. राज्य के कुल गन्ना क्षेत्र में मराठवाड़ा की हिस्सेदारी 27.5 फीसदी है. ऐसे मराठवाड़ा में चीनी की 68 मिलें हैं. यह महाराष्ट्र की कुल 208 चीनी मिलों का करीब 32 फीसदी है. हालांकि, क्षेत्र में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ने के साथ पानी की उपलब्धता को लेकर चिंता भी बढ़ रही है. सूखे का असर महाराष्ट्र के 86.6 फीसदी तालुकों में है. वहीं, मराठवाड़ा के सभी 76 तालुका सूखे की चपेट में हैं. ऐसे में गन्ने की बढ़ती खेती के लिए पर्याप्त पानी जुटाना बड़ी चुनौती बन गया है.

जल विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मराठवाड़ा में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ने से भूजल पर दबाव और बढ़ सकता है. इससे पानी की कमी गंभीर होने के साथ जमीन की गुणवत्ता भी खराब हो सकती है. विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि सूखे की आशंका वाले इस क्षेत्र में किसानों को कम पानी वाली फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए. इनमें दलहन और तिलहन जैसी फसलें शामिल हैं, जिन्हें गन्ने के मुकाबले कम पानी की जरूरत होती है.

नीति आयोग की चीनी उद्योग से जुड़ी टास्क फोर्स की 2020 की रिपोर्ट के मुताबिक, एक किलो चीनी बनाने में करीब 1,500 से 2,000 किलो पानी की जरूरत होती है. वहीं, एक हेक्टेयर गन्ने की सिंचाई में जितना पानी लगता है, उससे 5.5 हेक्टेयर में रबी ज्वार की खेती की जा सकती है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गन्ने की खेती के लिए कितने बड़े पैमाने पर पानी की जरूरत पड़ती है.

विशेषज्ञों ने महाराष्ट्र सिंचाई अधिनियम, 1976 को लागू करने पर भी जोर दिया है. इसके तहत पानी की गंभीर कमी  के दौरान अधिक पानी लेने वाली फसलों की खेती पर रोक लगाने जैसे कदम उठाए जा सकते हैं. हालांकि, इस कानून को लागू करने के लिए जरूरी नियम करीब पांच दशक बाद भी नहीं बनाए गए हैं. इस वजह से इसका प्रभावी इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है. महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में किसान गन्ने की खेती को प्राथमिकता देते हैं. इसकी एक बड़ी वजह केंद्र सरकार की ओर से घोषित उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) है. इससे किसानों को अपनी फसल का एक तय दाम मिलने का भरोसा रहता है. पिछले कुछ वर्षों में अच्छी बारिश ने भी इस क्षेत्र में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने में मदद की है.

Share This Article