फसलों को जंगली सूअरों से बचाने के लिए किसान परेशान, अधिकारियों से लगाई ये गुहार, इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में जंगली सूअरों के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं. इससे परेशान किसानों ने अधिकारियों से खेतों के चारों ओर इलेक्ट्रिक फेंसिंग यानी बिजली वाली बाड़ लगाने की मांग की है. किसानों का कहना है कि फसल बर्बाद होने के बाद मुआवजा देने के बजाय सरकार को पहले ही ऐसे इंतजाम करने चाहिए, जिससे जंगली सूअर खेतों में घुसकर नुकसान न पहुंचा सकें. दरअसल, कांचीपुरम जिले में किसानों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए हर महीने के आखिरी शुक्रवार को जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक होती है. इसी कड़ी में इस महीने भी जिला कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता जिला कलेक्टर स्नेहा ने की.

बैठक के दौरान जिला वन अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने जंगली सूअरों ने कांचीपुरम जिले में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया था. इसके बदले प्रभावित किसानों को 2.45 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है. वहीं, मुआवजे के लिए मिले 15 आवेदन अभी विचाराधीन हैं.

मुआवजे की जानकारी मिलने पर किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी. उन्होंने कहा कि जंगली सूअरों को खेतों में घुसने से रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. केवल फसल बर्बाद होने के बाद मुआवजा देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है. किसानों ने मांग की कि वन विभाग और कृषि विभाग मिलकर खेतों के चारों ओर इलेक्ट्रिक फेंसिंग लगवाएं. इससे जंगली सूअरों को खेतों में घुसने से रोका जा सकेगा और फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आएगी. किसानों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं तो उनकी मेहनत और फसल दोनों को बचाया जा सकता है.

बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मॉनसून सीजन में जिले में सामान्य से कम बारिश हुई है. इसके चलते जिले की केवल 45 फीसदी कृषि भूमि पर ही खेती हो पाई है. बैठक से पहले कृषि इंजीनियरिंग विभाग की ओर से चार किसानों को कृषि मशीनें भी वितरित की गईं. Copyright

Share This Article