Vegetable Outlet: अब किसानों की सब्जियां सीधे बिकेंगी! बिहार में खुलेंगे 200 तरकारी आउटलेट – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: बिहार में सब्जी किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने और बिचौलियों पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार नई व्यवस्था तैयार कर रही है. सुधा डेयरी (COMFED) की तर्ज पर अब वेजफेड (VEGFED) के माध्यम से राज्यभर में 200 तरकारी आउटलेट खोले जाएंगे. इस पहल का उद्देश्य किसानों से सीधे सब्जियां खरीदकर उन्हें आउटलेट के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाना है. इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए एक व्यवस्थित बाजार मिलेगा, वहीं उपभोक्ताओं को भी ताजी सब्जियां उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी. योजना की शुरुआत पटना में पहले तरकारी आउटलेट के उद्घाटन के साथ हो चुकी है.

बिहार सरकार सब्जियों की खरीद-बिक्री  के लिए सहकारी मॉडल को बढ़ावा देना चाहती है. जिस तरह सुधा डेयरी के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराया जाता है, उसी तरह वेजफेड के जरिए सब्जी उत्पादक किसानों को सीधे बिक्री की सुविधा देने की योजना है. पहले चरण में राज्य के अलग-अलग जिलों और शहरों में 200 तरकारी आउटलेट बनाए जाएंगे. इस व्यवस्था के तहत किसानों से सब्जियां सीधे खरीदी जाएंगी और उन्हें आउटलेट के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा. इससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है. सरकार का लक्ष्य ‘हर थाली में बिहार तरकारी’ के संकल्प को आगे बढ़ाना है.

योजना के तहत बिहार का पहला तरकारी आउटलेट पटना में संजय गांधी जैविक उद्यान यानी चिड़ियाघर के गेट नंबर-2 के पास खोला गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी  ने इसका उद्घाटन किया. यहां किसानों से सीधे सब्जियां खरीदकर ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं. उद्घाटन के दौरान आउटलेट पर 38 तरह की सब्जियां प्रदर्शित की गईं. इनमें पपीता, पत्तागोभी, फूलगोभी, चुकंदर, चिचिंडा, पालक, धनिया, बैंगन, कुंदरी, मिर्च और आलू समेत कई सब्जियां शामिल हैं. ग्राहकों को कीमतों की जानकारी देने के लिए रेट लिस्ट भी प्रदर्शित की जाएगी. आउटलेट का काउंटर सुबह करीब 5:30 बजे से 10 बजे तक संचालित होगा.

वेजफेड की योजना के तहत प्रत्येक तरकारी आउटलेट का आकार 15×10 वर्ग फीट निर्धारित किया गया है. एक आउटलेट के निर्माण पर करीब 7.44 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इस तरह पहले चरण में 200 आउटलेट तैयार करने की योजना है. पटना में ही लगभग 30 से 35 स्थानों को इसके लिए चिह्नित किया गया है. गर्दनीबाग ऑफिसर्स कैंपस, शास्त्री नगर फ्लैट्स और एमएलसी फ्लैट्स कैंपस में भी आउटलेट खोलने की तैयारी है. इनमें से तीन आउटलेट इसी सप्ताह शुरू किए जाने की योजना है. आगे चलकर राज्य में सुधा के आउटलेट  के आसपास भी तरकारी आउटलेट खोलने की तैयारी है.

वेजफेड इस व्यवस्था को केवल दुकानों तक सीमित नहीं रखना चाहता. ग्राहक www.tarkaari.in वेबसाइट के माध्यम से सब्जियां ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे. आउटलेट पर उपलब्ध मोबाइल नंबर के जरिए भी ऑर्डर देने की सुविधा होगी. ग्राहक चाहें तो काउंटर से सब्जियां खरीद सकते हैं या होम डिलीवरी का विकल्प चुन सकते हैं. इसके अलावा पटना के मीठापुर हब में सब्जियों की ग्रेडिंग, छंटाई और भंडारण की व्यवस्था की गई है. यहां से सब्जियों की आपूर्ति और ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़ी गतिविधियों को संचालित करने की तैयारी है.

Share This Article