एग्रीवेट: 02 नवंबर 2026, इंदौर: इंदौर के तीन किसान ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी पुरस्कार से हुए सम्मानित – किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व विजन-2026’ इंदौर जिले के तीन किसानों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। इस पहल के अंतर्गत आयोजित क्विज 2026 की लॉटरी के माध्यम से चयनित इंदौर जिले के तीनों विजेता किसानों को आज मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर इंदौर में आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया गया। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने तीनों किसानों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, इंदौर नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल महापौर परिषद के सदस्य श्री नंदू पहाड़िया और पार्षद श्री प्रशांत बड़वे सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले से कृषि क्षेत्र में तीन विजेताओं का चयन किया गया था। भोपाल के रविंद्र भवन में 27 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में लॉटरी के माध्यम से विजेताओं की एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि गई थी।
इंदौर जिले के देपालपुर तहसील के ग्राम बछौड़ा निवासी किसान श्री जितेंद्र पिता श्री प्रहलाद सिंह मौर्य को प्रथम पुरस्कार के रूप में 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर प्रदान किया गया। वहीं हातोद तहसील के ग्राम कराड़िया निवासी किसान श्री गोपाल सिंह पिता श्री रूपचंद चौधरी को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल तथा मल्हारगंज तहसील के ग्राम नैनोद निवासी किसान श्री शैलेन्द्र पिता श्री गोकुल सिंह को तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की ई-स्कूटी के लिए राशि प्रदान की गई।
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद तीनों किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए की गई यह पहल सराहनीय है। इस तरह के आयोजन किसानों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल किसानों के सम्मान और कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
तीनों किसानों ने कहा कि इस तरह की प्रोत्साहनकारी योजनाओं से किसानों को आधुनिक खेती अपनाने, कृषि यंत्रों के उपयोग और कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को शामिल करने की प्रेरणा मिलती है।