एग्रीवेट: Aaj Ka Mausam: अक्टूबर का महीना खत्म होने के साथ ही देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है. कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, तो कहीं पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ने लगी है. इसी बीच दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में ओले गिरने और बिजली चमकने का भी खतरा है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश और बर्फबारी हो रही है. दूसरी तरफ चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम का हाल बिगड़ा हुआ है. ऐसे में आइए जानते हैं, आने वाले दिनों में किस राज्य में कैसा मौसम रहने वाला है.
दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे. बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था. राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश से प्रदूषण में भी राहत मिली है और दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 90 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है.
नाबार्ड ने मध्य प्रदेश में ₹2,606 करोड़ से अधिक की दो प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी – एग्रीवेट
राजस्थान के जयपुर, अलवर, सीकर और चूरू समेत कई जिलों में बारिश हुई है. खैरथल, हरसोली, पावटा और दौसा में चार सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बादल छाए रहेंगे. हालांकि, एक नवंबर से ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है.
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी है. केदारनाथ, गंगोत्री और औली समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है. वहीं, निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है.
चक्रवाती तूफान अर्नब कमजोर होकर अवदाब में बदल गया है, लेकिन इसका असर अभी भी कई राज्यों में दिखाई दे रहा है. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया में भारी बारिश की संभावना है. वहीं, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी बारिश का अलर्ट है. ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी मौसम खराब रह सकता है.
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसे में किसान मौसम साफ होने तक सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से बचें. जिन खेतों में पानी भर गया है, वहां निकासी का इंतजाम करें. तेज हवा और बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचें.