एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए 30 अक्टूबर का दिन बेहद खास रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर 2026 को गुजरात से पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की किस्त जारी कर दी है. हालांकि, कई बार किस्त जारी होने के बाद भी कुछ किसानों के खाते में पैसा नहीं पहुंच पाता. ऐसे में अगर आपके खाते में भी 24वीं किस्त के पैसे नहीं आए हैं, तो सबसे पहले इसकी वजह पता करना जरूरी है. इसके लिए आप घर बैठे अपना पेमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं.
पीएम किसान योजना की किस्त रुकने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं. इनमें सबसे आम वजह ई-केवाईसी पूरी नहीं होना है. दरअसल, योजना का फायदा लेने के लिए किसानों को अपनी ई-केवाईसी करवाना जरूरी है. इसके अलावा जमीन के रिकॉर्ड का सत्यापन भी पूरा होना चाहिए. अगर किसान की जमीन से जुड़ी जानकारी सरकारी रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती या सत्यापन अधूरा है, तो भुगतान रुक सकता है. वहीं, बैंक खाते का आधार से लिंक नहीं होना या बैंक से जुड़ी जानकारी में गड़बड़ी भी परेशानी की वजह बन सकती है.
अगर आपके खाते में 2,000 रुपये नहीं पहुंचे हैं, तो आप पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भुगतान की जानकारी देख सकते हैं.
अगर स्टेटस में कोई जानकारी अधूरी दिखाई देती है, तो उसे ठीक करवाने की प्रक्रिया शुरू करें.
अगर आपकी ई-केवाईसी पूरी है, जमीन का वेरीफीकेशन भी हो चुका है और बैंक खाते की जानकारी सही है, लेकिन फिर भी किस्त नहीं मिली है, तो आप पीएम किसान हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं.
इसके लिए किसान 155261 या 011-24300606 पर कॉल कर सकते हैं. यहां अपनी समस्या बताकर किस्त रुकने की वजह और उसे ठीक करवाने की जानकारी ले सकते हैं. शिकायत करते समय अपना रजिस्ट्रेशन नंबर साथ रखें, ताकि जानकारी देने में आसानी हो.
किसानों को अपनी समस्या का समाधान जानने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है. वे पीएम किसान पोर्टल पर मौजूद किसान ई-मित्र चैटबॉट की मदद भी ले सकते हैं. यहां किसान अपनी किस्त, पात्रता और भुगतान से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं. इससे उन्हें पता चल सकता है कि किस वजह से पैसा रुका है और आगे क्या करना होगा.