एग्रीवेट: प्रधानमंत्री Kisan 24th Installment: पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों की नजर अब अक्टूबर के आखिरी हफ्ते पर टिकी है. किसानों के बीच चर्चा है कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से किस्त जारी कर सकते हैं. दरअसल, प्रधानमंत्री 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के दौरे पर पहुंचने वाले हैं.
ऐसे में किस्त जारी होने की तारीख को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. हालांकि, अभी केवल इस दौरे के आधार पर यह कहना सही नहीं होगा कि, पीएम किसान की 24वीं किस्त उसी दिन जारी कर दी जाएगी. किसानों को सरकार की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी में नमो घाट पर आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होंगे. इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चल रही हैं. इसी बीच पीएम किसान की अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के मन में सवाल है कि, क्या इस दौरे के दौरान उनके खाते में दो-दो हजार रुपये भेजे जाएंगे?
इसकी वजह यह है कि, पीएम किसान योजना की किस्तें अक्सर बड़े कार्यक्रमों के दौरान जारी की जाती रही हैं. पिछली यानी 23वीं किस्त 20 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से जारी की गई थी. हालांकि, हर बार किस्त जारी करने का कार्यक्रम अलग हो सकता है. इसलिए वाराणसी दौरे को 24वीं किस्त जारी होने की पक्की तारीख नहीं माना जा सकता.
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को साल में कुल छह हजार रुपये दिए जाते हैं. यह रकम दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. इससे किसान बीज, खाद और खेती से जुड़ी दूसरी जरूरतों पर कुछ मदद हासिल कर सकते हैं. फिलहाल किसानों को 24वीं किस्त की आधिकारिक तारीख की घोषणा का इंतजार करना चाहिए. केवल सोशल मीडिया पर चल रही खबरों या किसी कार्यक्रम के आधार पर यह न मानें कि पैसा तय दिन ही खाते में आ जाएगा. किस्त जारी होने से जुड़ी पक्की जानकारी पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट और सरकार की घोषणा से ही मिलेगी.
अगर आप भी अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं, तो अपनी जानकारी एक बार जरूर जांच लें. कुछ जरूरी काम अधूरे होने पर भुगतान में परेशानी आ सकती है.
किसान पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपनी किस्त की स्थिति देख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in खोलें. इसके बाद ‘Farmers Corner’ में जाकर ‘Know Your Status’ विकल्प चुनें. अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिखने वाला कैप्चा भरें. इसके बाद मांगी गई जानकारी जमा करके स्टेटस देख सकते हैं.